शेखर बॉस के जन्मदिन पर दिवा-रात्रि वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन
Day-night volleyball competition organised on Shekhar Bose's birthday

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ जिला वॉलीबॉल संघ के तत्वावधान में झारखंड वॉलीबॉल संघ के सचिव एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रशिक्षक शेखर बॉस के जन्मदिन के अवसर पर रेलवे मैदान, पाकुड़ में एक दिवसीय दिवा-रात्रि वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर को संघ द्वारा वॉलीबॉल दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला सचिव हिसाबी राय के नेतृत्व में किया गया, जिसमें मुख्य रूप से ईस्टर्न रेलवे मेंस यूनियन के अध्यक्ष अखिलेश कुमार चौबे, सचिव संजय कुमार ओझा, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (कार्य) पूर्व रेलवे पाकुड़ परितोष रंजन, ईआरएमयू के कोषाध्यक्ष अमर मलहोत्रा एवं वॉलीबॉल के मार्गदर्शक विपिन चौधरी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मंचासीन अतिथियों द्वारा केक काटकर की गई। इस दौरान शेखर बॉस के जन्मदिन को वॉलीबॉल दिवस के रूप में मनाते हुए केक नवोदित खिलाड़ियों के बीच वितरित किया गया। इस अवसर पर अखिलेश कुमार चौबे ने शेखर बॉस के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने संयुक्त बिहार के समय से ही युवाओं में खेल के प्रति जागरूकता पैदा की है। आज उनके प्रयासों से खिलाड़ी विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा वॉलीबॉल का डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र संचालित किया जा रहा है, जहां उजय राय के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से पढ़ाई के साथ-साथ नियमित रूप से खेल को भी समय देने की अपील की। प्रतियोगिता में कुल छह टीमों ने भाग लिया, जिनमें तीनपहाड़, रामपुरहाट, हरिणडंगा वॉलीबॉल क्लब, पाकुड़ जिला वॉलीबॉल संघ, विवेकानंद यूथ क्लब, राज हाई स्कूल हरिणडंगा एवं हरिणडंगा हाई स्कूल की टीमें शामिल रहीं। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण जिला वॉलीबॉल संघ के पुराने खिलाड़ियों एवं नए युवा खिलाड़ियों के बीच खेला गया मैत्री मैच रहा, जिसने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम का संचालन एसोसिएशन के सह-सचिव अनिकेत गोस्वामी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में अविनाश पंडित, विजय कुमार राय, अमित ठाकुर, अजय राय, अभिषेक भगत, अमन भगत, कन्हैया भगत, कृष्ण यादव, कृष्ण भगत, अरुण भगत, युवराज कुमार, आर्यन भगत, अभिनव कुमार, रोशन सरदार एवं प्रतुल दे सहित अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।



