नव-नियुक्त CDPO एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं को मिला नियुक्ति पत्र, सीएम हेमंत सोरेन ने दिए अहम संदेश
Newly appointed CDPOs and women supervisors received appointment letters, CM Hemant Soren gave an important message

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। हेमन्त सोरेन आज झारखंड मंत्रालय में आयोजित महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के तहत नव-नियुक्त बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों (CDPO) एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं के नियुक्ति-पत्र वितरण समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने 62 CDPO एवं 237 महिला पर्यवेक्षिकाओं के बीच नियुक्ति पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय बाद इतने बड़े पैमाने पर हुई नियुक्तियां राज्य के लिए गर्व का विषय हैं। इससे विभाग की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और योजनाओं का क्रियान्वयन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
कुपोषण मुक्त झारखंड पर जोर
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य में कुपोषण एक गंभीर समस्या है, जिसे समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है। उन्होंने सभी नव-नियुक्त कर्मियों से कुपोषण मुक्त झारखंड बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य करना आवश्यक है।
दूरदराज क्षेत्रों तक योजनाएं पहुंचाने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के कई सुदूर क्षेत्रों में अब भी बुनियादी सुविधाओं की कमी है। ऐसे क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने भरोसा जताया कि नव-नियुक्त कर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करेंगे।
पारदर्शिता और समन्वय पर बल
उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी सेविकाओं, CDPO और महिला पर्यवेक्षिकाओं के कार्यों का नियमित मूल्यांकन होना चाहिए और बेहतर कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
सरकार का अभिन्न अंग बनकर करें कार्य
सीएम ने कहा कि सभी नव-नियुक्त कर्मी अब सरकार का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्हें ईमानदारी, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपने दायित्व निभाने होंगे। उन्होंने आशा जताई कि इनके योगदान से झारखंड एक स्वस्थ, सशक्त और विकसित राज्य के रूप में आगे बढ़ेगा। इस अवसर पर राधाकृष्ण किशोर, अविनाश कुमार, उमा शंकर सिंह, किरण कुमार पासी सहित संबंधित विभाग के पदाधिकारी, नव-नियुक्त अभ्यर्थी एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



