सिंगरौली
सिंगरौली के चिटफंड कंपनी संचालक ललितपुर में हुए गिरफ्तार
हजारों लोगों के साथ कर चुके हैं धोखाधड़ी, कोतवाली पुलिस ने नहीं की थी कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली । चिटफंड कंपनी के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले दंपत्ति को गत वर्ष लोगों ने पकड़कर कोतवाली पुलिस के हवाले किया था, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई करने की बजाय उन्हें जाने दिया था। उन्हीं दंपत्ति को उत्तर प्रदेश की ललितपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 25 हजार के इनामी पति पत्नी अनुराग बंसल व आरती बंसल पर आरोप है कि उन्होंने चिटफंड कंपनी में पैसे डबल करने के नाम पर हजारों लोगों को चूना लगाया और रातोंरात कंपनी बंद कर फरार हो गये थे।
सिंगरौली में हजारों लोगों की जमा पूंजी चिटफंड कंपनी में लगवाई और जब लाखों-करोड़ों रुपये जमा हो गये तो दोनों फरार हो गये। जमा पूंजी गवां चुके सैकड़ों लोगों द्वारा पूर्व में कोतवाली थाने में शिकायतें दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस फर्जीवाड़ा करने वाले बंसल दंपत्ति को पकड़ नहीं पाई। पिछले साल अनुराग बंसल को वैढ़न के लोगों ने पकड़कर कोतवाली पुलिस के हवाले किया था, लेकिन उस समय पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की थी। बाद में पता चला उसे छोड़ दिया गया था। हैरानी इस बात की है कि है आरोपी पूरा कारोबार सिंगरौली में बैठकर ही चलाता था, लेकिन पुलिस को इसकी जानकारी नहीं थी या यह कहें कि सब कुछ जानने के बाद भी अनजान बने हुए थे। ये बात अलग है कि चिटफंड कंपनी में जो लोग खून पसीने की कमाई जमा किये हैं वे पैसे वापस कराने की मांग को लेकर पुलिस के पास बीच-बीच में जाते रहते हैं, मगर अभी तक किसी का पैसा वापस नहीं किया गया है।



