गोड्डा
झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के चार सदस्यीय टीम ने मदरसा बालिका आवासीय विद्यालय का किया निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, व्यूरो
महागामा, गोड्डा। झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के चार सदस्यीय टीम की ओर से महागामा के मदरसा बालिका आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण के क्रम में टीम में शामिल आयोग के उपाध्यक्ष प्रणेश सुलेमन की ओर से घटनास्थल पर पहुंचकर छात्रा के मौत के मामले में अहम जानकारी भी ली गई है। मदरसा के मौलवी से पूछताछ भी किया गया है। निरीक्षण के उपरांत उपाध्यक्ष श्री सुलेमन की ओर से राजमहल गेस्ट हाउस में प्रेसवार्ता कर जानकारी दी गई है। उपाध्यक्ष ने बताया कि चार सदस्यीय टीम में उनके साथ आयोग के सदस्य इकरारूल हसन, सबिता टुडू व बरकत अलि शामिल हैं। उन्होंने बताया कि छात्र के पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा। उन्होंने बताया कि विद्यालय का मुआयना कर आवश्यक जानकारी ली गई है। जिला प्रशासन से भी इस मामले में आवश्यक जानकारी प्राप्त किया गया है। जिला प्रशासन के जांच प्रक्रिया का इंतजार है। पुलिस अधीक्षक से उनकी बात हुई है, इस मामले में वह पूरी तरह से निष्पक्ष जांच करेंगे। उन्होंने कहा कि पीड़िता के परिवार को न्याय मिले, यह मुख्य विषय है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सब कुछ क्लियर होगा। पुलिस हर बिंदु पर जांच पड़ताल कर रही है। गौरतलब है कि मदरसा विद्यालय में एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थिति में बीते दिनों मौत हो गई थी। पुलिस प्रशासन की ओर से प्रथम दृष्टि छात्र की मौत आत्महत्या का प्रतीत होना बताया गया था। इसके अलावा जिला प्रशासन के पुलिस पदाधिकारी की ओर से इस मामले में गंभीरता से जांच करने की भी बात कही गई थी। इसी कड़ी में अल्पसंख्यक आयोग की चार सदस्य टीम उपाध्यक्ष श्री सोलेमन के नेतृत्व में निरीक्षण करने पहुंची थी।



