जालौन
जनसुनवाई पोर्टल में छह माह पूर्व की शिकायत के बाद भी नहीं सुधरी हालत
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कालपी (जालौन)। नगर के मुहल्ला गणेशगंज निवासी कांग्रेस नेता एवं समाजसेवी आदित्य नगाइच ने रेलवे स्टेशन को जाने वाली प्रमुख सड़क की बदहाली पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए उसके शीघ्र मरम्मत की मांग उठाई है।
उन्होंने बताया कि रामगंज व गणेशगंज को जोड़ने वाली यह सड़क, जिसे आमतौर पर “स्टेशन रोड” के नाम से जाना जाता है, पुराने स्टेशन चैराहे स्थित हनुमान मंदिर से लेकर बर्फ फैक्ट्री के पास पेट्रोल पंप तक बेहद जर्जर हालत में है। यह मार्ग चार से पांच मुहल्लों, तहसील परिसर तथा बाजार तक पहुंचने का मुख्य रास्ता होने के बाबजूद लंबे समय से उपेक्षित पड़ा है। इस संबंध में उन्होंने सितंबर 2025 में जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत संख्या 400165260044159 दर्ज कराई थी, लेकिन लगभग छह माह बीत जाने के बाद भी सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हो सका। इससे स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने एक बार फिर संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करते हुए दोबारा जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, नगर पालिका परिषद कालपी द्वारा दी गई आख्या में बताया गया है कि उक्त सड़क का निर्माण कार्य 15वें वित्त आयोग वर्ष 2025-26 की अनुदान राशि में स्वीकृत हो चुका है। इसके लिए निविदा प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है और संबंधित ठेकेदार को कार्यादेश जारी कर दिया गया है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराए जाने का आश्वासन दिया गया है। साथ ही नगर पालिका ने बताया कि शिकायतकर्ता को पत्र के माध्यम से इस संबंध में अवगत भी करा दिया गया है।


