
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बरेली। अपनी ड्यूटी के कारण होली के मुख्य त्योहार पर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहने वाली पुलिस ने इसके अगले दिन गुरुवार को जमकर होली मनाई। सुबह से ही पुलिस लाइन्स और आला अधिकारियों के आवासों पर जश्न का माहौल शुरू हो गया। क्या अधिकारी और क्या सिपाही, सभी ने आपसी भेदभाव मिटाकर एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया और त्योहार की खुशियां साझा कीं। होली के इस विशेष अवसर पर पुलिसकर्मियों की टोलियां एकजुट होकर एडीजी रमित शर्मा, डीआईजी अजय साहनी, डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य के आवासों पर पहुंची। अधिकारियों ने भी अपने मातहतों का गर्मजोशी से स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों के साथ कदम से कदम मिलाकर डांस किया, जिससे माहौल पूरी तरह से उत्सवमय हो गया। पुलिस लाइन में दिखा अलग ही उल्लास जश्न का मुख्य केंद्र पुलिस लाइन रहा, जहां सुबह से ही हुरियारों की टोली ढोल की थाप पर थिरकती नजर आई। ड्यूटी की थकान और अनुशासन की बंदिशों को किनारे रख पुलिसकर्मी होली के गीतों पर झूमते दिखे। एक-दूसरे को रंगों से सराबोर करने का सिलसिला दोपहर तक चलता रहा। महिला पुलिसकर्मियों ने भी किया धमाल इस बार पुलिस की होली में नारी शक्ति का भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। महिला पुलिसकर्मियों की टोलियों ने न केवल एक-दूसरे को गुलाल लगाया, बल्कि फिल्मी और गीतों पर जमकर नृत्य भी किया। महिला थाने से लेकर पुलिस लाइन तक महिला कर्मियों का जोश देखते ही बन रहा था।
इस दौरान डीआईजी अजय साहनी, एडीजी रमित शर्मा, एसएसपी अनुराग आर्य, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, एसपी अंशिका वर्मा तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।




