ललितपुर
मंदिर के टीन शेड को लेकर मोहल्लेवासियों ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार
नगर पालिका में शिकायत के बाद टीन शेड हटाए जाने के डर से लोगों ने सौंपा प्रार्थना पत्र
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। शहर के झांसीपुरा क्षेत्र स्थित जेल चौराहा के पास एक पुराने मंदिर पर लगे टीन शेड को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मोहल्ले के दर्जनों निवासियों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर मंदिर की यथास्थिति बनाए रखने की मांग की है। प्रार्थिनी गुडडी पत्नी अनिल बाल्मीकि व अन्य मोहल्लेवासियों का कहना है कि उनके निवास के सामने वर्षों पुराना देवीजी का एक मंदिर है। मंदिर खुला होने के कारण पक्षियों द्वारा वहां मांस के टुकड़े गिरा दिए जाते थे, जिससे मंदिर की पवित्रता भंग हो रही थी। इस समस्या के समाधान के लिए स्थानीय लोगों ने चंदा एकत्र कर मंदिर पर 8&8 फीट का एक टीन शेड डलवा दिया। शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि मोहल्ले का ही एक व्यक्ति विशेष इस टीन शेड का विरोध कर रहा है। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने नगर पालिका में प्रार्थना पत्र देकर इस शेड को हटवाने की मांग की है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि यह मंदिर उनकी आस्था का केंद्र है और शेड केवल मंदिर की स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से लगाया गया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से निवेदन किया है कि जनहित और आस्था को देखते हुए मंदिर के टीन शेड को न हटाया जाए और उसे यथावत रहने दिया जाए। प्रार्थना पत्र सौंपने वालों में गुडडी, अंकिता, अनूप कुमार, नरेंद्र, उर्मिला समेत मोहल्ले के कई लोग शामिल रहे।



