बेतुल
बैतूल ग्राम पंचायत सुरगांव में शासन की राशि का दुरुपयोग और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
जनसुनवाई में पहुंचा सुरगांव का मामला, कार्रवाई न होने से ग्रामीण आक्रोशित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। ग्राम पंचायत सुरगांव में शासन की राशि का दुरुपयोग और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने इस मामले में जनसुनवाई और जनपद पंचायत सीईओ से शिकायत की है। शिकायतकर्ता ग्रामीण राजू चरपे ने बताया कि ग्राम में शासन की योजना के तहत पच्चीस लाख रुपये की लागत से मंगल भवन का निर्माण स्वीकृत किया गया था, लेकिन अब तक केवल घटिया निर्माण कार्य कराकर लगभग बारह लाख रुपये निकाल लिए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण स्थल पर घटिया मटेरियल का उपयोग हो रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत सचिव और सरपंच की मिलीभगत से कई फर्जी बिल पास कर लाखों रुपये का गबन किया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सचिव कई-कई दिन पंचायत में उपस्थित नहीं रहते, जिससे उन्हें काफी परेशानी होती है। मजदूरों को मजदूरी नहीं दी जा रही और बाहर के मजदूर लाकर काम कराया जा रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि ग्राम में दुकान निर्माण का कार्य भी नियम विरुद्ध किया जा रहा है। नियम के अनुसार पहले बिजली के पोल हटाए जाने थे, लेकिन सचिव और इंजीनियर की मिलीभगत से बिना बिजली पोल हटाए निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इस कार्य को लेकर जनपद के इंजीनियर से शिकायत करने पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2018 में भी अठारह लाख रुपये की राशि का गबन हुआ था, लेकिन उस समय भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण सचिव और सरपंच के हौसले बुलंद हो गए हैं और खुलेआम पंचायत की राशि का गबन कर रहे हैं।
ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की तत्काल जांच कराई जाए और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ मिल सके और पंचायत में पारदर्शिता बनी रहे।



