गोड्डा
बोआरीजोर में योजनाओं का पड़ताल करने पहुंचे डीडीसी ने त्रुटि पाये जाने पर दिया निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। बोआरीजोर प्रखंड कार्यालय में डीडीसी दीपक कुमार दूबे द्वारा बोआरीजोर प्रखण्ड अन्तर्गत कार्यान्वित विभिन्न विकास योजनाओं से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित किया गया। चल रही योजनाओं की जानकारी प्राप्त की गयी तथा लंबित योजनाओं को अविलम्ब पूर्ण करने हेतु निदेशित किया गया। तत्पश्चात् बोआरीजोर प्रखण्ड अन्तर्गत ग्राम पंचायत-जामूझरना में कार्यान्वित विभिन्न विकास योजनाओं का निरीक्षण किया गया एवं संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिये गये। इसी क्रम में ग्राम-कोर्टिका में आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं प्राथमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पायी गयी त्रुटियों के अविलम्ब निराकरण हेतु संबंधित कर्मियों को आवश्यक निदेश दिया गया। राजकीयकृत मध्य विद्यालय, बोआरीजोर (कन्या) का निरीक्षण किया गया। उक्त विद्यालय में अवस्थित जलमीनार की मरम्मति यथाशीघ्र कराने हेतु संबंधित अभियंता को निदेशित किया गया। साथ ही भवन मरम्मति हेतु अविलंब प्रस्ताव उपलब्ध कराने हेतु संबंधित अभियंता को निर्देश दिया गया।
ग्राम ईटहरी में पी.एम. जनमन आवास योजना के निरीक्षण के क्रम में संबंधित लाभुकों से मिलकर अविलम्ब आवास निर्माण कार्य को पूर्ण कराने हेतु प्रोत्साहित किया गया। ग्राम बड़ाडोरमा में बिरसा हरित ग्राम बागवानी योजना के तहत चल रहे गड्ढा भराई का कार्य चालू पाया गया। जिसमें उपस्थित ग्राम रोजगार सेवक को दो दिनों के अन्दर पौधा प्राप्त करते हुए बृक्षारोपण संपन्न करने का निदेश दिया गया। तत्पश्चात ग्राम दलदली गोपालपुर एवं ग्राम बड़ा सिमड़ा में भूमि संरक्षण विभाग द्वारा कार्यान्वित तालाबों के निर्माण योजना की जाँच की गयी। जाँच के दौरान उपस्थित अभियंता को योजना को यथाशीघ्र भौतिक एवं वित्तीय रूप से पूर्ण करने का निदेश दिया गया। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी, सहायक अभियंता, संबंधित कनीय अभियंता एवं जिलास्तर से क्षसंजीव कुमार, जिला समन्वयक, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं निशि कुमार, जिला एम.आई.एस. नोडल, मनरेगा एवं अन्य उपस्थित थे।




