ग्राम विकास की नई पहल, डीसी ने रामघाटी ग्राम में आदि सेवा केन्द्र का किया शुभारम्भ
New initiative for village development, DC inaugurated Adi Seva Kendra in Ramghati village.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के उपायुक्त मनीष कुमार ने पाकुड़िया प्रखण्ड क्षेत्रान्तर्गत बीचपहाड़ी पंचायत के रामघाटी ग्राम में ग्रामीण आदि सेवा केन्द्र का शुभारम्भ किया। इस मौके पर ग्रामीणों के साथ-साथ पंचायत प्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे। उद्घाटन के बाद उपायुक्त ने कहा कि “गांव की शक्ति, गांव के लोग ही हैं। जब योजना, निगरानी और क्रियान्वयन सब कुछ ग्रामवासियों के हाथ में होगा, तभी विकास का वास्तविक स्वरूप सामने आयेगा। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों और युवाओं के साथ मिलकर उपायुक्त ने विलेज एक्शन प्लान पर चर्चा की तथा विजन डॉक्यूमेंट 2030 की रूपरेखा तैयार करने की पहल की। उन्होंने बताया कि यह केन्द्र न केवल योजनाओं की जानकारी और सुविधा प्रदान करेगा, बल्कि यह ग्रामीणों के लिए भागीदारी का मंच भी बनेगा। उपायुक्त ने कहा कि इस केन्द्र के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, आजीविका संवर्धन और सामाजिक न्याय जैसे विषयों पर विशेष फोकस रहेगा। साथ ही ग्रामीण स्तर पर निर्णय लेने की प्रक्रिया में आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित होगी। अंत में उन्होंने सभी ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे इस केन्द्र को केवल सरकारी कार्यालय न मानें, बल्कि इसे अपने विकास का घर मानकर आगे बढ़ें और मिलकर आदि कर्मयोगी अभियान को सफल बनाएं।



