
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
उरई। नगर के स्वयंबर विवाह गृह में अखिल भारतीय गहोई वैश्य महासभा का विशाल सम्मेलन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस मौके पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सतीश महतेले के आगमन पर समाज के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में आगामी 16 नवम्बर को होने वाले संगठन के चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण रणनीति तय की गई।
सम्मेलन में जिलेभर से बड़ी संख्या में गहोई वैश्य समाज के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मंच पर पहुंचे सतीश महतेले ने समाज के लोगों के उत्साह और एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि जालौन की धरती पर मिला सम्मान उनके लिए अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि संगठन का चुनाव केवल पद पाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि समाज की मजबूती और एकता का प्रतीक है। उन्होंने सभी सदस्यों से एकजुट होकर समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि समाज तभी प्रगति कर सकता है जब सभी सदस्य मिलजुलकर एक दिशा में कार्य करें। उन्होंने आगामी चुनाव में बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की ताकि संगठन की नई कार्यकारिणी मजबूत और सक्रिय रूप में उभरे।
सम्मेलन में डॉ. दिलीप सेठ, अनिल बहुगुणा, संजय बिजपुरिया, युद्धवीर कन्थरिया, अमित गुप्ता लालू सभासद समेत कई समाजसेवियों ने अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन ने समाज में नई ऊर्जा और विश्वास का संचार किया है।
कार्यक्रम संयोजक अमित गुप्ता ‘लालू’ और राजू गुप्ता ‘कुरकुरू’ ने सभी आगंतुकों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। इस दौरान पुरुषोत्तमदास घण्टी, सुधीर गुप्ता (रामपुरा), पवन गैंडा, विशाल बिस्वारी, धर्मेंद्र बिस्वारी, अनूप गुप्ता, आकाश गहोई, कमलेश मानपुरा, टोनी कन्थरिया, संजय रावत, गौरव हूंका, डॉली गुप्ता, अर्चना गुप्ता, वंदना पहारिया, अलका कथिल सहित बड़ी संख्या में समाज के सदस्य मौजूद रहे।


