अमरोहा
अमरोहा में दूल्हे को बग्गी से खींचकर पीटा,
साइकिल की चेन और लोहे के कड़े से मारा, सिर फूटा, पुलिस ने कराए फेरे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा जनपद की हसनपुर तहसील के थाना सैद नंगली क्षेत्र में एक बारात पर हमले का मामला सामने आया है। गुरुवार शाम करीब 6 बजे ऊपर वाला तरारा गांव निवासी आकाश की बारात पर एक दर्जन से अधिक युवकों ने हमला कर दिया।हमलावर साइकिल की चेन, लोहे के कड़े और चाकू लेकर आए थे। उन्होंने दूल्हे को बग्गी से खींचकर उस पर हमला किया। इस हमले में दूल्हे का सिर फट गया और कपड़े भी फट गए। हमलावर दूल्हे को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।दूल्हे के पिता वीर सिंह ने बताया कि एक दिन पहले गांव का एक युवक बारात में हंगामा करने की धमकी देकर गया था। दूल्हे के भाई पवन कुमार के अनुसार, उनके गांव के एक लड़के का दूल्हे से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उस युवक ने धमकी दी थी कि वह बारात नहीं चढ़ने देगा।दूल्हा आकाश ने बताया कि वह बग्गी पर बैठा था जब अचानक 15-16 लड़कों ने हमला कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। घायल दूल्हे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।थानाध्यक्ष विकास सहरावत ने कहा कि पुलिस मौके पर पहुंच गई है और शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। दूल्हे के उपचार के बाद सुबह 4 बजे पुलिस की मौजूदगी में फेरे संपन्न हुए और दुल्हन को घर लाया गया।
थाना सैद नगली थानाध्यक्ष विकास सेहरावत ने बताया कि दूल्हे आकाश की तहरीर पर आरोपी जसवंत पुत्र अमर सिंह पवन पुत्र अमर सिंह जसवीर पुत्र अमर सिंह निवासी तरारा तथा तीन से चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।




