गोड्डा
“योग संगम : एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” थीम पर आधारित विशेष योगाभ्यास सत्र आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
गोड्डा : राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के तत्वावधान में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्थानीय शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, रौतारा (गोड्डा) में “योग संगम: एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” थीम पर आधारित एक विशेष योगाभ्यास सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शहरी क्षेत्र की एएनएम, सहिया, महिला आरोग्य समिति की सदस्य एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान तकनीकों का अभ्यास किया।
इस सत्र का उद्देश्य न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सशक्त बनाना था, बल्कि यह भी दर्शाना था कि योग एक ऐसा माध्यम है, जो संपूर्ण धरती और मानवता को स्वास्थ्य के सूत्र में बांधता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने यह संकल्प लिया कि वे योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाएंगे तथा समुदाय में योग के लाभ को प्रचारित करेंगे। वहीं कार्यक्रम में गुणानंद झा, निवर्तमान वार्ड पार्षद, जय शंकर, जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक, एएनएम पुष्पा कुमारी, अल्बीना सोरेन, अराधना कुमारी, जयमाला कुमारी, सहिया प्रेमलता झा, नागोरी कुमारी, आरती कुमारी, रजनी कुमारी, किरण कुमारी आदि उपस्थित रहे।



