
शांति और सौहार्द के साथ नशामुक्त रामनवमी का संकल्प लें युवा : रामनवमी संरक्षण समिति अध्यक्ष प्रशांत कुमार प्रधान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना चुकी हजारीबाग की रामनवमी के अवसर पर इस वर्ष भी रामनवमी संरक्षण समिति द्वारा दो दिवसीय भव्य दंगल कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। हर वर्ष की भांति इस बार भी आयोजन ने न केवल परंपरा को जीवित रखा, बल्कि युवाओं में उत्साह और खेल भावना का भी संचार किया। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ नेपाल से भी कई नामी और अनुभवी पहलवानों ने भाग लिया, जिससे आयोजन का स्तर और भी ऊंचा हो गया। इस दंगल में नेपाल के शंकर थापा और राजू थापा, अयोध्या हनुमानगढ़ी के बाबा नागेंद्र दास, पंजाब के सोनू पहलवान, उत्तराखंड के राहुल पांडे, राजस्थान के शैतान सिंह, बनारस के सिकंदर पहलवान और हवलदार पहलवान (डीएलडब्लू), कानपुर के रवि और ओमवीर पहलवान, जम्मू-कश्मीर के फैजल पहलवान, दिल्ली के मनोहर पहलवान तथा बनारस डीएलडब्लू के प्रिंस पहलवान सहित दर्जनों पहलवानों ने अपने दांव-पेंच का शानदार प्रदर्शन किया।
कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन हजारीबाग नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर अरविंद राणा, रामनवमी संरक्षण समिति के अध्यक्ष प्रशांत प्रधान, कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह, यूथ विंग अध्यक्ष करण जायसवाल सहित अन्य गणमान्य लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं अखाड़ा परिसर में फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ा अखाड़ा के महंत विजयानंद दास ने हनुमान जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके पश्चात सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
प्रतियोगिता के दौरान दर्शकों में भारी उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग दंगल देखने के लिए पहुंचे और पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। पूरे आयोजन स्थल पर हर्ष और उल्लास का माहौल बना रहा। दर्शकों ने इस तरह के पारंपरिक आयोजन को लेकर आयोजन समिति की सराहना की और इसे आगे भी जारी रखने की अपील की।
रामनवमी संरक्षण समिति के अध्यक्ष प्रशांत प्रधान ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखना और उन्हें खेल एवं व्यायाम की ओर प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष अधिक संख्या में पहलवानों ने भाग लिया है और दर्शकों की भीड़ में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इससे यह स्पष्ट होता है कि लोग एक बार फिर अपनी पारंपरिक खेल संस्कृति की ओर लौट रहे हैं। आगे उन्होंने रामनवमी संरक्षण समिति के पदाधिकारी राजकुमार गोप, राजेश गोप, ओम प्रकाश गोप , निशांत कुमार प्रधान, बीरेंद्र कुमार बीरू, बप्पी करण , संजीव लाल भगत , ओम प्रकाश सिन्हा , अनमोल साव सहित रामनवमी संरक्षण समिति की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन में संरक्षण समिति के एक एक पदाधिकारी अपनी महत्ती भूमिका निभाते हैं जिससे सभी आयोजन सफलता के साथ नए कीर्तिमान स्थापित करता है आने वाले दिनों में रामनवमी संरक्षण समिति के द्वारा भव्य और वृहद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे l
वहीं मुख्य अतिथि मेयर अरविंद राणा ने अपने संबोधन में कहा कि हजारीबाग में इस तरह की प्रतियोगिताएं केवल रामनवमी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि प्रत्येक सप्ताह आयोजित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय पहलवानों को बेहतर मंच मिलेगा और वे राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी के सहयोग से स्थायी अखाड़ा का निर्माण कराया जाएगा, ताकि युवा नियमित रूप से अभ्यास कर सकें और शारीरिक रूप से सशक्त बनें।
अंत में उन्होंने सभी नागरिकों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि इस पर्व को शांति, मर्यादा और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। साथ ही युवाओं से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि रामनवमी की गरिमा और भव्यता बनाए रखने के लिए सभी का अनुशासित और मर्यादित रहना आवश्यक है।
यह दंगल प्रतियोगिता न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रही है, बल्कि सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक विरासत को भी सशक्त करने का कार्य कर रही है। मौके पर रामनवमी संरक्षण समिति के संरक्षक राजकुमार गोप, हजारीबाग युथ विंग के अध्यक्ष करण जायसवाल, कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह, डॉ प्रभात कुमार प्रधान, रामनवमी संरक्षण समिति महामंत्री ओमप्रकाश गोप, दीपक नाथ सहाय,पूर्व महासमिति अध्यक्ष अनमोल साव, धर्मेंद्र शुक्ला, परमेश्वर मेहता, विरेंद्र कुमार वीरू, कृष्णा यादव, बप्पी करण, ओम प्रकाश सिन्हा, अमरेश कुमार सिंह , अखौरी ब्रजेश सहाय , कमल गोप , दिलीप वर्मा , रिंकू वर्मा , मन्नू कुमार, रमेश चंद्र पिंटू सूरज कुमार संजीव लाल भगत शशि केसरी सहित रामनवमी संरक्षण समिति के दर्जनों पदाधिकारी सदस्य एवं सैकड़ों रामभक्त शामिल थे l



