जिलाधिकारी ने परीक्षा तैयारी की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश
12 अक्टूबर को दो पालियों में होगी पीसीएस (प्रारंभिक) एवं एसीएफ/आरएफओ परीक्षा–2025, परीक्षा होगी नकलविहीन व पारदर्शी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ। जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रारंभिक) तथा सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय अधिकारी वन सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा–2025 के सफल संचालन हेतु सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डॉ. सिंह ने अपर जिलाधिकारी नगर को निर्देशित किया कि परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियां समय से पूरी करा ली जाएं। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों से कहा कि प्रत्येक केंद्र पर पीने के पानी, प्रकाश व्यवस्था, जेनरेटर बैकअप और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।
उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि परीक्षा से जुड़ी निर्देशिका का अक्षरशः पालन किया जाए और सभी इनविजिलेटरों को ठीक प्रकार से प्रशिक्षित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की संवेदनशीलता, सुचिता और पारदर्शिता को हर हाल में बनाए रखा जाए।
इस दौरान एसएसपी विपिन टाडा ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा से पहले सभी केंद्रों का निरीक्षण करें और परीक्षा के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास कोई वाहन खड़ा न हो, ट्रैफिक पुलिस विशेष सतर्कता बरते ताकि परीक्षा से पूर्व या बाद में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
एसएसपी ने बताया कि परीक्षा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और किसी भी अवांछित व्यक्ति को परीक्षा केंद्र के पास नहीं आने दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा 12 अक्टूबर 2025 को जनपद मेरठ में दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
- प्रथम पाली: प्रातः 9:30 बजे से 11:30 बजे तक
- द्वितीय पाली: अपराह्न 2:30 बजे से 4:30 बजे तक
उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों और कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, स्मार्ट घड़ी, ब्लूटूथ डिवाइस आदि पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
स्टेटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए गए कि वे परीक्षा प्रारंभ होने से लेकर समाप्ति तक अपने केंद्र पर उपस्थित रहकर परीक्षा को नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से लोक सेवा आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराएं।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विपिन टाडा, अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह, एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह, एसपी देहात अभिजीत कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सहित सभी संबंधित अधिकारी, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।



