बेतुल
बैतूल पूर्व सैनिक संघ ने कारगिल चौक की गरिमा बनाए रखने सौंपा ज्ञापन
शहीद स्मारक पर राजनीतिक व सामाजिक गतिविधियों से पूर्व सैनिकों में आक्रोश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। शहीदों की शहादत को सम्मान देने और मातृभूमि के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों की स्मृति में स्थापित कारगिल चौक की गरिमा के साथ लगातार हो रहे खिलवाड़ को लेकर अब पूर्व सैनिकों का धैर्य जवाब देने लगा है। पूर्व सैनिक संघ जिला बैतूल द्वारा सोमवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर स्मारक की सुरक्षा और सम्मान की मांग की गई है।
पूर्व सैनिक संघ बैतूल ने स्पष्ट किया कि कारगिल युद्ध में बलिदान देने वाले देश के अमर शहीदों की स्मृति में बैतूल जिले में कारगिल चौक बनाया गया है। यह चौक भावनात्मक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जहां पूर्व सैनिक संघ समय-समय पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करता है। यह स्थल वीरता, त्याग और मातृभूमि के प्रति सर्वोच्च समर्पण का प्रतीक है।
लेकिन अफसोस की बात है कि इस गौरवशाली स्मारक पर राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों द्वारा लगातार अनैतिक गतिविधिया की जा रही हैं। बैनर, पोस्टर और झंडे स्मारक पर चिपकाए जा रहे हैं, कई बार लोग स्मारक पर चढ़कर अपमानजनक व्यवहार करते हैं, यहां तक कि लड़ाई-झगड़े तक की नौबत आती है। यह शहीदों के अपमान की श्रेणी में आता है, उनकी आत्मा को भी ठेस पहुंचाने जैसा है।
पूर्व सैनिकों ने इस स्थिति को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्यवाही की मांग की है। ज्ञापन में निवेदन किया गया है कि जिला प्रशासन इस विषय में स्पष्ट निर्देश जारी करे कि कोई भी व्यक्ति, संगठन या दल शहीद स्मारक का राजनीतिक या सामाजिक उपयोग न करे। इस संबंध में सार्वजनिक सूचना प्रसारित की जाए और उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई हो।



