नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
बरहरवा, साहेबगंज । शक्ति की आराधना के पावन अवसर पर बरहरवा में बंगालीपारा कालीतल्ला पूजा समिति द्वारा एक भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में 108 कन्याओं ने सिर पर कलश धारण कर नगर भ्रमण किया, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। यह पावन कलश यात्रा बंगालीपारा कालीतल्ला से प्रारंभ होकर रेलवे फाटक, नगर की विभिन्न गलियों और मोहल्लों से होकर निकली। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर कलश यात्रियों का स्वागत किया। यात्रा के दौरान ‘जय मां काली’ के जयघोष से वातावरण गुंजायमान रहा। कलश यात्रा पुनः बंगालीपारा कालीतल्ला स्थित काली मां के मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान पूजा समिति के सदस्यों, गणमान्य लोगों और पुलिस प्रशासन की सराहनीय मौजूदगी ने शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से इस आयोजन को सफल बनाया। इस मौके पर प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष अशोक कुमार दास, छटू साह, पांचू सिंह समेत पुलिस प्रशासन के अधिकारी, बड़ी संख्या में भक्तगण और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। सभी ने मां काली का आशीर्वाद लिया और क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूजा समिति ने बताया कि यह आयोजन न केवल धार्मिक श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि समाज में सौहार्द, एकता और सामूहिक उत्साह का संदेश भी देता है।



