नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। थाना बानपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दिदौरा में एक विवाहिता को उसके ससुरालियों द्वारा मारपीट कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति, सास, जेठ और जिठानी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। ग्राम दिदौरा निवासी ऊषा यादव पत्नी गौरव यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी शादी करीब 9 वर्ष पहले हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। उनका एक 7 वर्षीय पुत्र भी है। आरोप है कि पिछले कुछ समय से ससुराल पक्ष के लोग उन्हें अपने साथ नहीं रखना चाहते और लगातार घर से जाने का दबाव बना रहे हैं। पीडि़ता के अनुसार 25 फरवरी की दोपहर करीब 3 बजे जब वह अपने घर पर थीं, तभी उनके पति गौरव, सास सुमन्ना, जेठ ब्रजभान और जिठानी सीमा ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लात-घूंसों और लाठी-डंडों से उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। चीख-पुकार सुनकर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। बानपुर पुलिस ने इस मामले में पीडि़ता की शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 351(3) और 352 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।