गाजियाबाद
छठ पूजा : लोक आस्था का पावन पर्व – लोनी में तैयारियों का जायज़ा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी (गाज़ियाबाद) : लोक आस्था और पवित्रता का महापर्व छठ पूजा नज़दीक है। इसी क्रम में लोनी नगर पालिका अध्यक्षा श्रीमती रंजीता धामा ने आज नगर क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में बनाए जा रहे छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नगरपालिका अध्यक्षा श्रीमती रंजीता धामा ने डीएलएफ, राम विहार, एसएलएफ, रेल विहार, राहुल गार्डन, प्रशांत विहार समेत कई अन्य क्षेत्रों में चल रही तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने घाटों की सफाई व्यवस्था, प्रकाश प्रबंध, जल निकासी और सुरक्षा इंतज़ामों का बारीकी से जायज़ा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अध्यक्षा श्रीमती धामा ने कहा,
> “छठ पर्व लोक आस्था, स्वच्छता और सामूहिकता का प्रतीक है। नगर पालिका का उद्देश्य है कि सभी श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना कर सकें।”
उन्होंने सफाई निरीक्षकों को निर्देशित किया कि छठ घाटों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जाए तथा पर्याप्त प्रकाश और जल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के अधिकारीगण, सफाई निरीक्षक तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
