अमरोहा
अमरोहा के शिव मंदिर में अनोखी चोरी
दान पात्र चुराने से पहले भगवान से मांगी माफी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : देहात थाना क्षेत्र के गांव इमली वाली मढैय्या अतरासी रोड स्थित शिव मंदिर में एक अजीब चोरी का मामला सामने आया है। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एक युवक मंदिर में आया। उसने पहले मंदिर की रैकी की। युवक ने भगवान के सामने हाथ जोड़कर पूजा की। फिर माफी मांगते हुए कहा कि भगवान मुझे माफ करना, मैं दान पात्र ले जा रहा हूं। इसके बाद वह दान पत्र लेकर फरार हो गया।
मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में दिख रहा है कि चोर के साथ एक और युवक था। वह बाइक लेकर आया और चोर को बैठाकर मौके से भाग गया। पुजारी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। देहात इंस्पेक्टर बालेंद्र सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



