अमरोहा
प्रेम-प्रसंग में ब्लैकमेल से परेशान युवक ने महिला की गला रेतकर की हत्या
24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा कोतवाली हसनपुर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने प्रेम-प्रसंग में ब्लैकमेल के चलते की गई महिला हत्या की गुत्थी को 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल, मृतका की चुन्नी, टूटा मोबाइल व आरोपी के खून लगे कपड़े बरामद किए हैं।
घटना 28 अक्टूबर 2025 की है, जब ग्राम हथियाखेड़ा में एक अज्ञात महिला का शव सड़क किनारे मिला था। शव की पहचान रीना (35 वर्ष) पत्नी कुंवरपाल निवासी मौहल्ला कोर्ट पूर्वी, थाना हसनपुर, जनपद अमरोहा के रूप में हुई। मृतका का गला धारदार हथियार से कटा हुआ था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मृतका के पति की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमरोहा अमित कुमार आनंद ने अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी हसनपुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के आधार पर जांच करते हुए 24 घंटे के अंदर हत्या का खुलासा कर आरोपी सलीम पुत्र हफीज निवासी मौहल्ला कोर्ट पूर्वी मनिहारन, थाना हसनपुर को धनौरा के होलीचौक से रेलवे स्टेशन जाने वाले रास्ते पर गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह फड़ लगाकर रेडीमेड कपड़े बेचता है। मृतका का बेटा रितिक उसकी दुकान पर काम करता था, इसी दौरान रीना उर्फ संगीता से उसके अवैध संबंध बन गए। कुछ समय बाद रीना ने पैसे की मांग शुरू कर दी और आरोपी को लगातार ब्लैकमेल करने लगी। दीपावली से पहले उसने तीन लाख रुपये न देने पर संबंधों की पोल खोलने की धमकी दी।
ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर आरोपी ने हत्या की योजना बनाई। 27 अक्टूबर की शाम करीब 7:15 बजे वह रीना को मोटरसाइकिल पर बैठाकर हथियाखेड़ा गांव के पास एक झोपड़ी में ले गया, जहां अंधेरे में उसने रीना का गला चाकू से रेत दिया। हत्या के बाद आरोपी ने मोबाइल और चुन्नी उठाई और फरार हो गया। रास्ते में सरकारी नल पर हाथ-मुंह धोकर घर लौट आया। अगले दिन उसने खून लगे कपड़े, चाकू और चुन्नी को एक छोटे हाथी वाहन में छिपा दिया तथा मृतका का मोबाइल तोड़कर बैटरी झाड़ियों में और फोन नाले में फेंक दिया।
पुलिस अधीक्षक अमरोहा ने घटना का सफल अनावरण करने वाली टीम को 15,000 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ साक्ष्य पुख्ता हैं और उसे जेल भेजा जा रहा है।



