गोड्डा
हनवारा में कार्तिक पूर्णिमा मेला 6-7 नवंबर को : परंपरा,एकता और आस्था का भव्य उत्सव
हनवारा में कार्तिक पूर्णिमा मेला : परंपरा,एकता और आस्था का अनोखा संगम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा : महागामा प्रखंड क्षेत्र के हनवारा में इस बार कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर दो दिवसीय भव्य मेला का आयोजन 6 और 7 नवंबर को किया जा रहा है। इस वर्ष की विशेषता यह है कि नवनिर्मित मंदिर में पहली बार भगवान कार्तिक जी की प्रतिमा की स्थापना की जाएगी। मेला समिति के अध्यक्ष रामजी पासवान ने बताया कि तैयारियां जोरों पर हैं और पूरा इलाका उत्सव के रंग में रंग चुका है।मेले में आकर्षक झूले, पारंपरिक ग्रामीण बाजार, मिठाइयों की दुकानों के साथ-साथ दंगल कुश्ती प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें आसपास के जिलों से आए पहलवान अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी इस मेले का सालभर बेसब्री से इंतजार करते हैं।
रामजी पासवान ने बताया यह मेला हमारे पूर्वजों की परंपरा है, जो सदियों से कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित होती आ रही है। यहां जाति-धर्म का कोई भेद नहीं,सभी समुदाय के लोग मिलकर आयोजन को सफल बनाते हैं। विशेष रूप से मुस्लिम समाज के लोग भी पूरे मनोयोग से सहयोग करते हैं।”
स्थानीय बुजुर्गों के अनुसार, हनवारा का यह कार्तिक मेला करीब 70-80 वर्षों पुरानी परंपरा है। पहले यह मंदिर मिट्टी का हुआ करता था,जहां ग्रामीण दीपदान और स्नान कर भगवान कार्तिक स्वामी की पूजा-अर्चना करते थे। समय के साथ मंदिर का जीर्णोद्धार हुआ और अब नवनिर्मित मंदिर में भव्य प्रतिमा की स्थापना की जा रही है, जो श्रद्धालुओं के लिए ऐतिहासिक पल होगा।मेला समिति ने सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतज़ाम किए हैं। ग्रामीणों का मानना है कि यह आयोजन केवल पूजा-पाठ का पर्व नहीं, बल्कि गांव की एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है जो पीढ़ियों से लोगों को जोड़ता आ रहा है।


