बरेली
चौबारी मेला: रामगंगा के घाट पर उमडा आस्था का जन सैलाब
लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई हर हर गंगे की डुबकी

किया दान-पुण्य ; सड़क पर लगा रहा भीषण जाम
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। कार्तिक पूर्णिमा पर बरेली के रामगंगा चौबारी मेले में बुधवार को आस्था का जन सैलाब उमड़ पड़ा। मध्य रात्रि से ही स्नान शुरू हुआ तो रामगंगा के घाट हर-हर गंगे के जयकारों से गूंज उठे। लाखों श्रद्धालुओं ने रामगंगा में आस्था का डुबकी लगाई। श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद दान कर पुण्य कमाया। स्नान के दौरान कोई हादसा न हो, इसको ध्यान में रखते हुए घाटों पर बैरिकेडिंग की गई है। पुलिस-पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। गोताखोर भी लगाए गए थे जो हर समय मुस्तैद रहे। स्नान पूजन के बाद श्रद्धालु चौबारी मेले में खरीदारी करने में जुट गए। वहीं बच्चों ने झूलों व खेल-तमाशों का आनंद उठाया।
बताते चलें कि रात में रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा मेला परिसर जगमगाता रहा। मध्य रात्रि के बाद घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। सुबह होते-होते घाट पर पैर रखने तक की जगह नहीं रही। रामगंगा में लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। पूजा-पाठ और दान कर पुण्य कमाया। चौबारी मेले परिसर के बाहर ही स्वागत के लिए बड़ा गेट बनाया गया है। इसी के साथ खाने-पीने की दुकानों से लेकर, सिल बट्टा, कपड़े, खिलौने, सजावटी सामान, पर्स आदि की दुकानें लगी हैं। मंगलवार को भी दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। लोगों ने जमकर खरीदारी की।
रामगंगा की आरती उतारकर ली स्वच्छता की शपथ
गंगा समग्र नाथ नगरी ब्रज प्रांत की ओर से महानगर संयोजक ठाकुर अखिलेश सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को रामगंगा घाट पर आरती की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदूषण विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी चंद्रेश कुमार रहे। उपस्थित लोगों ने एक साथ दीप दान किया। आरती के बाद लोगों को शपथ भी दिलाई गई कि वह नदी को गंदा नहीं करेंगे।



