नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। कस्बे की नवीन सब्जी मण्डी में मण्डी इंस्पेक्टर के साथ हुई मारपीट और अभद्रता के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।
बताया गया है कि मण्डी इंस्पेक्टर अरविन्द कुमार यादव शनिवार सुबह व्यापारियों से मण्डी शुल्क की वसूली कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यापारी से रसीद काटने को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि व्यापारी ने अपने परिजनों के साथ मिलकर इंस्पेक्टर के साथ गाली-गलौच की और उन्हें जबरन एक कार्यालय में खींचकर मारपीट की।
मौके पर मौजूद अन्य व्यापारियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर इंस्पेक्टर को बाहर निकाला। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपियों ने मण्डी में नारेबाजी की और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही धार्मिक टिप्पणी करते हुए मण्डी में अपने हिसाब से चलने की चेतावनी भी दी गई।
घटना के बाद इंस्पेक्टर ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच जारी है और जल्द ही उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



