मणिपुर का दौरा करेंगे RSS के सरसंघचालक मोहन भागवत, राज्यवासियों को देंगे विशेष संदेश।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम : दो साल से हिंसा की आग में झुलस रहे मणिपुर का दौरा करने जा रहे हैं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत। सूत्रों के मुताबिक, भागवत 20 नवंबर को तीन दिवसीय दौरे पर मणिपुर पहुँचेंगे। इस दौरान उनके कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम निर्धारित हैं। जानकारी के अनुसार, पहले दिन वे इंफाल के कंजेन लाइकाई इलाके में एक कार्यक्रम में स्थानीय उद्योगपतियों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख लोगों से मुलाकात करेंगे। 21 नवंबर को वे पहाड़ी क्षेत्रों के जनजातीय नेताओं से भी भेंट करेंगे। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, भागवत अपने इस दौरे में राहत शिविरों का दौरा नहीं करेंगे, जहाँ हिंसा से विस्थापित लोग रह रहे हैं। मणिपुर में मई 2023 से जारी मैतई-कुकी संघर्ष में अब तक 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग विस्थापित हुए हैं। कुछ दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लंबे विवाद के बाद मणिपुर का दौरा किया था और चुराचांदपुर में आयोजित सभा में हिंसा समाप्त कर शांति स्थापित करने की अपील की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि “विकास के लिए शांति अत्यंत आवश्यक है” और केंद्र सरकार सभी पक्षों के साथ बातचीत जारी रखे हुए है। भाजपा की विचारधारा से जुड़े संगठन RSS की दृष्टि से भी मणिपुर में स्थायी शांति स्थापित करने की पहल महत्त्वपूर्ण मानी जा रही है। गौरतलब है कि मोहन भागवत ने आखिरी बार 2022 में मणिपुर का दौरा किया था। दो वर्षों से जारी जातीय संघर्ष की पृष्ठभूमि में उनका यह दौरा राजनीतिक और सामाजिक दोनों दृष्टिकोण से अत्यंत महत्त्वपूर्ण माना जा रहा है।



