
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : दुमका जिले के कमार दुधानी मैदान में आयोजित 64वीं सुब्रतो मुखर्जी कप अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता के प्रमंडल स्तरीय मुकाबलों में अंडर-17 बालिका वर्ग की उपविजेता टीम एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय तसरिया, सुंदरपहाड़ी, गोड्डा रही। गोड्डा टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत शानदार अंदाज में की जहां पहले लीग मैच में जामताड़ा को 6-0 के बड़े अंतर से हराया, वहीं दूसरे मैच में साहिबगंज को 3-0 से पराजित किया। सेमीफाइनल में पाकुड़ को 2-0 से हराकर टीम ने फाइनल में प्रवेश किया।फाइनल मुकाबले में गोड्डा और मेजबान दुमका की टीमें आमने-सामने थीं। रोमांचक मुकाबले में दुमका ने 1-0 से जीत दर्ज कर चैंपियनशिप अपने नाम की। समापन समारोह में झारखंड शिक्षा परियोजना दुमका के फील्ड ऑफिसर सूरज कुमार एवं एपीओ विभाष चंद्र महतो ने संयुक्त रूप से विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए। गोड्डा टीम की उपविजेता बनने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू, जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक कुमार, एडीपीओ अनूप केरकेट्टा और एपीओ अजय कुमार ने टीम को शुभकामनाएं और बधाई दी है। पूरी प्रतियोगिता के दौरान गोड्डा की टीम के साथ शारीरिक शिक्षा शिक्षक संजय सोरेन, नीरज कुमार, नीरज कुमार सिंह, अनंत कुमार यादव, मंगल सरदार और स्नेहलता पूर्ति लगातार मौजूद रहे।



