अमेठी
बीएसए ने की कार्रवाई कस्तूरबा गांधी विद्यालय की तीन शिक्षिकाओं का हुआ ट्रांसफर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। बुधवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमेठी ने बाजार शुक्ल स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में हुए विवाद के बाद तीन महिला शिक्षिकाओं को दूसरे विद्यालय में स्थानांतरित कर दिया। छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन किया गया है।जो एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट बीएसए संजय तिवारी को सौंपेगी। इसके बाद विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
विद्यालय की छात्राओं ने शिक्षकों पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने और मारपीट का आरोप लगाया। मंगलवार दोपहर बड़ी संख्या में छात्राएं थाने पहुंचीं और सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगीं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और छात्राओं को समझा-बुझाकर वापस स्कूल भेजा दिया।
वही मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएसए संजय तिवारी कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पहुंचे। उन्होंने साक्ष्य के तौर पर विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर को सुरक्षित कर लिया। छात्राओं ने आरोपी शिक्षकों के खिलाफ थाने में तहरीर भी दी है।
बीएसए संजय तिवारी ने विद्यालय में तैनात संविदा शिक्षिका नीतू श्रीवास्तव, अर्चना बौद्ध और रंजन को दूसरे विद्यालयों में स्थानांतरित कर दिया है। इसके साथ ही विद्यालय को भी तीन दिनों के लिए बंद करवा दिया गया है। जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारियों की तीन सदस्यीय टीम बनाई गई है।
बीएसए संजय तिवारी ने बताया कि शिक्षिकाओं के आपसी विवाद के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई थी। छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोपों के संबंध में तीन सदस्यीय टीम का गठन किया गया है, जो एक सप्ताह में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।



