दलित युवकों ने प्रजापति परिवार के मां-बेटे से हाथ जुड़वाकर पूरे गांव में निकाला जुलूस..
देवी-देवताओं पर टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ था विवाद...

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
दलित युवकों ने प्रजापति बिरादरी के मां-बेटे को जूतों की माला पहनाकर गांव में निकाला था जुलूस…
सीसीटीवी फुटेज सामने आने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर की कार्यवाही…
चार दलित युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल….
हापुड (यूपी) – हापुड के गढ़ कोतवाली पुलिस ने ग्राम शाहपुर चौधरी में प्रजापति समुदाय के युवक और उसकी मां को अपमानित करते हुए गांव में घुमाने व मारपीट करने के मामले में 04 दलित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है । इस मामले की एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया में वायरल हुई थी जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है ।
जानकारी के अनुसार , गढ़ कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर चौधरी गांव निवासी दीपक चौधरी ने पुलिस को शिकायत देते हुए बताया कि , अयोध्या में श्रीराम मंदिर में मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में गांव के मंदिर पर हनुमान चालीसा एवं पूजा-पाठ का कार्यक्रम किया जा रहा था । इसी दौरान गांव का एक दलित युवक वहां पहुंचा और देवी देवताओं को गाली देने लगा । इसपर उसका विरोध करते हुए उसे गाली गलौज करने से रोका गया था । 26 जनवरी को वह गांव से बाहर किसी कार्य से जा रहा था, कि तभी दलित समाज के कुछ युवकों ने उसे रोककर गाली-गलौज करना शुरू कर दिया । इसके बाद उसकी मां को भी मौके पर बुला लिया । उसके बाद हम दोनों मां बेटे से बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के सामने हम मां-बेटे की जबरन नाक रगड़वाई और जबरन हम दोनों मां बेटे के गले में जूतों चप्पलों की माला डालकर गांव में घुमाया गया। अपमान की यह घटना गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जो अब वायरल हो रही है ।
इस घटना के बाद पीड़ित पक्ष के कई लोग कोतवाली गढ़ पहुंचे और 10 युवकों के खिलाफ नामजद शिकायती पत्र दिया गया । इनमें से एक आरोपित युवक को पुलिस में दारोगा बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है ।
इस मामले में गढ़ कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र विष्ट ने बताया कि दलित समुदाय के कुछ युवकों ने एक युवक और उसकी मां के साथ अपमानजनक हरकत करते हुए उसे गांव में घुमाया था, जिसके मुकदमा दर्ज करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है ।मामले की जांच की जा रही है और उचित कार्यवाही की जाएगी।



