गाजियाबाद
गाजियाबाद में अब खुलेंगे “पशु जन औषधि केंद्र”, सस्ती दरों पर मिलेगी दवा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र की तर्ज पर अब जिले में पशुओं के लिए भी सस्ती दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने “पशु औषधि केंद्र” खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस पहल से पशुपालकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
जारी प्रेस नोट के अनुसार प्रत्येक विकासखंड में “पशु औषधि केंद्र” खोले जाएंगे। इच्छुक आवेदक फार्म, दुकान के कागजात, लाइसेंस प्रमाण पत्र व अन्य दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया विभाग की वेबसाइट http://pashuaushadhi.dahd.gov. in पर उपलब्ध है।
पशु औषधि केंद्र खोलने के लिए 5000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। दुकान के लिए कम से कम 120 वर्ग फुट स्थान अनिवार्य है। इस योजना के अंतर्गत सहकारी समितियों एवं योग्य लाभार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
यह केंद्र भारत सरकार की पशु स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित होंगे। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को कम कीमत पर दवा उपलब्ध कराना है, जिससे पशु स्वास्थ्य में सुधार हो और पशु उत्पादन बढ़ सके।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी गाजियाबाद डॉ. एस.एम.आई. पांडेय ने बताया कि यह योजना पशुपालकों के लिए लाभकारी होगी और दवाओं के खर्च में काफी कमी आएगी।

