अस्पताल में मरीज की मौत के बाद अस्पताल में तोड़फोड़ और अस्पतालकर्मी को पीटने के मामले में मुकदमा दर्ज….

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ (यूपी) – हापुड़ के देवनंदनी अस्पताल में मरीज की मौत पर भड़के परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ करने के साथ ही अस्पताल कर्मियों पर हमला किया था जिसमें हापुड देहात थाना पुलिस ने एक महीने बाद अस्पताल में हंगामा करने वाले परिजनों पर हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है ।
आपको बता दें कि यूपी के जनपद हापुड़ के थाना
देहात क्षेत्र के देवनंदनी अस्पताल में 17 सितंबर 2025 को नरेशचंद शर्मा निवासी मोहल्ला शक्तिनगर को दिल का दौरा पड़ने के बाद गंभीर हालत में अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया था जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल के आईसीयू में शिफ्ट किया गया और डॉ. जीवोत्तम नारंग ने उनका उपचार शुरू किया। डॉक्टर ने परिजनों को मरीज की गंभीर स्थिति की जानकारी देते हुए अन्य बड़े अस्पताल में रेफर करने की सलाह भी दी लेकिन तभी मरीज को पुनः दिल का दौरा पड़ने के बाद उसकी आईसीयू में ही मौत हो गई। परिजनों ने उन्हें बचाने के लिए काफी कोशिश की लेकिन सब बेकार गई । अपने पिता की मृत्यु की बात सुनते ही मोनू और उसके परिजनों ने अस्पताल में आकर अस्पताल स्टाफ शुभम शर्मा को अकेला पाकर जमकर पीटा और गला दबाकर मारने का प्रयास किया । इस हमले में अस्पताल कर्मी शुभम घायल हो गया और आरोपी पूरे अस्पताल परिसर में हंगामा करते रहे । हंगामे की पूरी घटना देवनंदिनी अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद थी । जिसकी पूरी जांच के बाद घटना के 37 दिन बाद हापुड देहात थाना पुलिस ने अस्पताल कर्मी शुभम शर्मा की तहरीर के आधार पर मृतक नरेश चंद शर्मा के पुत्र मोनू और उसके परिजनों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इस मामले में सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि अस्पताल कर्मी शुभम की तहरीर पर मोनू और उसके परिजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी ।


