बाराबंकी
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बड़ागांव के कायाकल्प की दिशा में बड़ी पहल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी। मसौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बड़ागांव के कायाकल्प की दिशा में बड़ी पहल शुरू हो गई है। सीएचसी परिसर को आधुनिक और सुव्यवस्थित बनाने के लिए इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का कार्य शुरू किया गया है । इससे मरीजों और उनके परिजनों को साफ-सुथरा, सुरक्षित और बेहतर आवागमन वाला परिसर मिलेगा।
गुरुवार को विकास एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रस्तावित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान खण्ड विकास अधिकारी संदीप कुमार श्रीवास्तव ने कार्य की गुणवत्ता, समयबद्धता और मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। सीएचसी अधीक्षक डॉ. राधेश्याम गौड़ ने बताया कि इंटरलॉकिंग लगने से बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या खत्म होगी और मरीजों को आने-जाने में सुविधा होगी। इस अवसर पर प्रधान प्रतिनिधि नूर मोहम्मद ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए यह कार्य अत्यंत आवश्यक है और पंचायत की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। तकनीकी सहायक अजय कुमार वर्मा, दिनेश कुमार ने तकनीकी पहलुओं पर जानकारी दी। साथ ही स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी आशाराम चौधरी एवं अखिलेश पटेल भी निरीक्षण दल में मौजूद रहे।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराया जाएगा ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। स्थानीय लोगों ने सीएचसी के कायाकल्प की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।



