नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। जामो थाना क्षेत्र के भादर रोड पर देर रात संदिग्ध हालात में हुए विस्फोट में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। विस्फोट से कोल्ड ड्रिंक एजेंसी का मकान पूरी तरह ढह गया। पुलिस प्राथमिक जांच में इसे सिलिंडर विस्फोट मान रही है। जबकि मृतक के पिता ने बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है।
जामो कस्बा स्थित भादर रोड पर सुभाष पांडे की कोल्ड ड्रिंक एजेंसी संचालित होती है। रात में अचानक तेज विस्फोट हुआ। विस्फोट की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। धमाके से एजेंसी की पूरी इमारत भरभराकर गिर गई। मलबे में दबने से सतीश तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बलराम पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
विस्फोट के बाद मौके पर आग लग गई। दमकल विभाग की टीम ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। हादसे में आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंचा। कई घरों की दीवारों में दरारें आ गईं। क्षेत्र में कुछ देर अफरातफरी का माहौल रहा।
मृतक सतीश तिवारी के पिता दीनानाथ तिवारी ने घटना को हादसा मानने से इनकार किया है।उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे की साजिश के तहत हत्या की गई है। उनका कहना है कि सतीश पूरे दिन उनके साथ था।इसी दौरान बलराम पाण्डेय बार-बार फोन कर रहा था। रात करीब नौ बजे सतीश उसके पास से गया। इसके कुछ समय बाद विस्फोट की सूचना मिली। पिता ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
घटनास्थल के पास रहने वाले प्रशांत मिश्रा ने बताया कि विस्फोट काफी तेज था। उनके मकान की दीवारों में बड़ी दरारें पड़ गईं।उनका कहना है कि यह सामान्य सिलिंडर विस्फोट जैसा नहीं लगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

