मेरठ

महालक्ष्मी डिग्री महाविद्यालय में “एम–उत्थान एवं उजास 2025–26” वार्षिक समारोह का भव्य आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

मवाना। मवाना मार्ग स्थित महालक्ष्मी डिग्री महाविद्यालय में मंगलवार को “एम–उत्थान एवं उजास 2025–26” वार्षिक समारोह का भव्य, गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। समारोह में शिक्षा, सांस्कृतिक गतिविधियों, प्रतिभा सम्मान तथा राष्ट्रप्रेम का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीएन महाविद्यालय, मेरठ के प्राध्यापक हिमांशु अग्रवाल रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद बिजनौर के न्यायाधीश सुंदर लाल तथा थाना इंचौली के उपनिरीक्षक अनुराग यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण मित्तल ने की। मंच पर महाविद्यालय की सचिव श्रीमती सारिका मित्तल, निदेशक डॉ. मोहित यादव, कुलसचिव पवन शर्मा, शैक्षणिक अधिष्ठाता डॉ. राशिद, संदीप कुमार सहित अन्य महाविद्यालयों के प्राचार्य, विभागाध्यक्ष एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

समारोह का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत कला संकाय प्रथम वर्ष की छात्रा प्राची द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। स्वागत गीत के माध्यम से अभिषेक समूह ने अतिथियों का भावपूर्ण अभिनंदन किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला में छात्र–छात्राओं ने मनोहारी नृत्य, संगीत एवं भावपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तुत किए। आईपीसी महाविद्यालय के पैरामेडिकल विभाग द्वारा प्रस्तुत महाविद्यालयीन जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति ने विद्यार्थियों के संघर्ष, अनुशासन और लक्ष्य को प्रभावी रूप से दर्शाया। वहीं महालक्ष्मी डिग्री महाविद्यालय के पैरामेडिकल विभाग द्वारा प्रस्तुत “मिशन सिंदूर” आधारित देशभक्ति समूह नृत्य ने सभागार को राष्ट्रप्रेम की भावना से भर दिया।

मुख्य अतिथि प्राध्यापक हिमांशु अग्रवाल ने युवाओं को अनुशासन, ईमानदारी और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. प्रवीण मित्तल ने इस समारोह को विद्यार्थियों की प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता निखारने का सशक्त मंच बताया। निदेशक डॉ. मोहित यादव ने कहा कि महाविद्यालय का लक्ष्य केवल उपाधि प्रदान करना नहीं, बल्कि संस्कारवान और राष्ट्रनिष्ठ नागरिकों का निर्माण करना है।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी विद्यार्थियों, अतिथियों एवं कोर समिति के सदस्यों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। समारोह का समापन प्रेरणादायक संदेशों और उल्लासपूर्ण वातावरण के साथ हुआ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button