Uncategorized

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर पाकुड़ में भव्य साइकिलिंग प्रतियोगिता का आयोजन

A grand cycling competition was organised in Pakur on National Voters' Day.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, पाकुड़ द्वारा लोकतांत्रिक जागरूकता, स्वस्थ जीवनशैली और नागरिक सहभागिता के संदेश के साथ भव्य साइकिलिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना और उन्हें जिम्मेदार, सक्रिय मतदाता बनने के लिए प्रेरित करना रहा। प्रतियोगिता का शुभारंभ परियोजना निदेशक आईटीडीए, अपर समाहर्ता एवं अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया गया। जिलेभर से बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अनुशासन, ऊर्जा एवं खेल भावना का परिचय देते हुए राष्ट्रीय मतदाता दिवस का संदेश जन-जन तक पहुँचाया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता श्री जेम्स सुरीन ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं प्रतिभागियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में जागरूकता और जिम्मेदार मतदाता बनने की भावना को मजबूत करते हैं। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया, जिससे कार्यक्रम में भाग लेने वालों में उत्साह और प्रेरणा देखने को मिली। कार्यक्रम में उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री मोहनलाल मरांडी, मुख्यालय डीएसपी श्री जितेन्द्र कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री डी.एन. आज़ाद, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी श्री राहुल कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। इसके साथ ही जिला एथलेटिक संघ, जिला साइकिलिंग संघ, ओलंपिक संघ और समाजसेवी सहित विभिन्न खेल संघों एवं स्वयंसेवकों ने आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। यह प्रतियोगिता न केवल खेल और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का अवसर रही, बल्कि युवाओं और नागरिकों में लोकतंत्र के प्रति सक्रिय भागीदारी की भावना को भी प्रबल करने वाला आयोजन साबित हुई।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button