मेरठ
किसान दिवस पर चौधरी चरण सिंह को नमन, कृषि शिक्षा को मिली नई दिशा
विशेषज्ञों के मार्गदर्शन और छात्र प्रतिभा से सजा कार्यक्रम, प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। एमआईटी कृषि विभाग द्वारा किसानों के मसीहा पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर किसान दिवस का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कृषि की जमीनी सच्चाइयों से जोड़ना और किसानों की चुनौतियों से अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम में एमआईटी के निदेशक डॉ केएलए खान, प्राचार्य डॉ. हिमांशु शर्मा, निदेशक (आरएंडडी) डॉ. राजेंद्र सिंह, डीन एग्रीकल्चर डॉ. रघुवीर सिंह एवं कृषि विभागाध्यक्ष डॉ. हेमा नेगी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कीट विज्ञान विशेषज्ञ प्रोफेसर डॉ. राजेंद्र सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम बफ्फर, मेरठ के प्रगतिशील किसान राजकुमार सांगवान ने सहभागिता की।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि आज की कृषि केवल उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि टिकाऊ तकनीकों, वैज्ञानिक सोच और नवाचार की मांग करती है। उन्होंने किसानों के समक्ष आने वाली समस्याओं, जलवायु परिवर्तन, कीट प्रबंधन एवं संसाधनों के संतुलित उपयोग पर विस्तार से चर्चा की। प्रगतिशील किसान राजकुमार सांगवान ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को खेती को सम्मानजनक और लाभकारी व्यवसाय के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। स्किट प्रतियोगिता (समन्वयक: डॉ. कुशल चतुर्वेदी) में बीएससी एग्रीकल्चर तृतीय वर्ष की अंशु एवं उनकी टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। करण बटला एवं उनकी टीम (तृतीय वर्ष) द्वितीय तथा प्रथम वर्ष के प्रियांशु पाल एवं उनकी टीम तृतीय स्थान पर रही।
वाद-विवाद प्रतियोगिता (समन्वयक: डॉ. गोविंद एवं डॉ. कृष्णा कौशिक) में करण बटला, आयुषी, शिवानी, यश वर्धन, सुशील एवं संध्या कुमारी की टीम विजेता रही, जबकि अंशु, सोनाली रावत, शिखा सैनी एवं बिट्टू की टीम उपविजेता बनी।
क्विज प्रतियोगिता (समन्वयक: डॉ. विवेक कुमार एवं डॉ. विकास) में शिखा शर्मा (बीएससी एग्रीकल्चर तृतीय वर्ष) ने प्रथम, यश वर्धन ने द्वितीय तथा संध्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। साथ ही डॉ. जय प्रकाश के समन्वय में आयोजित मशरूम प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रमाण पत्र भी छात्रों को सुमित कुमार द्वारा वितरित किए गए।


