मथुरा

विदेशी भक्तों के हाथों में झाड़ू, होठों पर हरिनाम

ब्रज की भक्ति में रंगा वृंदावन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। वृंदावन में सात समंदर पार से आए भक्तों के हाथों में झाड़ू थी, होठों पर हरे कृष्ण महामंत्र और हृदय में आराध्य के प्रति अटूट समर्पण। कोई रथयात्रा के आगे रास्ते को बुहारकर सोहनी सेवा कर रहा था तो कोई मृदंग और करताल की धुन पर हरिनाम संकीर्तन में सुध-बुध खोकर नृत्य कर रहा था। माथे पर तिलक, तन पर भारतीय परिधान और मन में ब्रज की भक्ति। इस्काॅन मंदिर की ओर से आयोजित रथयात्रा का शुभारंभ ओमेक्स के केंद्रीय पार्क से हुआ। सुबह भगवान श्रीकृष्ण-बलराम के विग्रह को विराजमान कर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की गई। ठाकुरजी को छप्पन प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। इसके बाद विभिन्न रंगों के फूलों से सजे भव्य रथ में भगवान श्रीकृष्ण-बलराम को विराजमान कराया गया। जयकारों और हरे कृष्ण, हरे राम महामंत्र की गूंज के बीच रथयात्रा आगे बढ़ी तो पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। रथयात्रा का सबसे भावपूर्ण दृश्य वह था, जब विदेशी भक्त हाथों में झाड़ू लेकर सबसे आगे चल रहे थे। वे रास्ते की सफाई करते हुए सोहनी सेवा कर रहे थे। ब्रज की इस प्राचीन परंपरा के माध्यम से उन्होंने सेवा और स्वच्छता का संदेश दिया। कभी यही भक्त झाड़ू लगाते दिखाई देते तो अगले ही पल करताल और मृदंग की थाप पर नृत्य करते नजर आते। उनके चेहरे पर थकान नहीं, बल्कि ठाकुरजी की सेवा का आनंद झलक रहा था। श्रील प्रभुपाद के संदेशों ने इन भक्तों को केवल भारतीय वेशभूषा ही नहीं अपनाई, बल्कि भारतीय अध्यात्म और वैष्णव परंपराओं से भी गहराई से जोड़ दिया है। ओमेक्स कालोनी से शुरू हुई रथयात्रा प्रेम मंदिर होते हुए इस्काॅन मंदिर पहुंची। यहां पुजारियों ने भगवान की आरती उतारी। रथयात्रा आगे बढ़ी तो कार्तिक मास में वृंदावन आए देश-विदेश के श्रद्धालु भी इसमें शामिल होते चले गए। शाम पांच बजे रथ विद्यापीठ चौराहे पहुंचा। यहां से अटल्ला चुंगी होते हुए परिक्रमा मार्ग के रास्ते इस्काॅन गोशाला पहुंचा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button