बरेली
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के निरीक्षण बीएसए को मिली खामियां
मौके पर मौजूद स्टाफ को दी सुधार करने की चेतावनी
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। नगर क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में बीएसए डॉ. विनीता ने टीम के साथ औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई अव्यवस्थाएं सामने आईं। बीएसए ने वार्डन को साफ-सफाई समेत पठन-पाठन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा खामियों को लेकर स्पस्टीकरण भी मांगा गया है। विद्यालय परिसर के शौचालय व डॉरमेट्री में साफ-सफाई का अभाव मिला, वहीं बिजली के पाइप लटके होने और खिड़कियों के शीशे व जाली टूटे पाए गए, जिससे बालिकाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हुए। रसोईघर में तैयार की जा रही सिवइयों की मात्रा भी संतोषजनक नहीं पाई गई। निरीक्षण के दौरान कुछ कर्मचारी अनुपस्थित मिले तथा आवागमन पंजिका में नियमित अंकन नहीं पाया गया।
साथ ही नामांकन और उपस्थिति में भी कमी पाई गई। वहीं कक्षा 11 व 12 में कोई नामांकन नहीं मिला। वार्डन व स्टाफ को साफ-सफाई, सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण भोजन, शत-प्रतिशत नामांकन व नियमित पठन-पाठन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।



