ख्वाजा गरीब नवाज़ के छठी शरीफ़ अवसर पर फातिहा ख़ानी व लंगर का आयोजन
Fatiha Khani and Langar organized on the occasion of Chhathi Sharif of Khwaja Gareeb Nawaz
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
पाकुड़ शहर में ख्वाजा गरीब नवाज़ के 814वें उर्स-ए-पाक सह छठी शरीफ़ के अवसर पर धार्मिक श्रद्धा और आस्था के साथ कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर धामा पट्टी नवयुवक कमिटी की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें देग फातिहा ख़ानी, सिरनी वितरण एवं लंगर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मदरसा अशरफिया चिश्तिया शम्सुल उलूम के हाफ़िज़ व क़ारी इरशाद आलम ने ख्वाजा गरीब नवाज़ की बारगाह में सलातो सलाम का नज़राना पेश किया। इसके उपरांत देग की फातिहा के साथ सामूहिक दुआ की गई। इस अवसर पर हाफ़िज़ इरशाद आलम ने बताया कि इस्लामिक कैलेंडर के रजब महीने की 6 तारीख को अजमेर शरीफ़ स्थित ख्वाजा गरीब नवाज़ की दरगाह पर उर्स-ए-पाक एवं छठी शरीफ़ मनाई जाती है। इस दौरान मजार पर चादरपोशी, विशेष नियाज़, फातिहा ख़ानी और लंगर का आयोजन किया जाता है, जिसमें देश-विदेश से अकीदतमंद शामिल होते हैं। छठी शरीफ़ के अवसर पर शहर के विभिन्न मोहल्लों जैसे अजमेरी टोला, बागानपाड़ा, मंसूरी टोला, हाजी मोहल्ला सहित कई मदरसों में भी फातिहा ख़ानी एवं लंगर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में नौशाद आलम, मोहम्मद ज़ाहिर, मुन्ना अशरफी, इस्लाम, शहीद, रियाज़, परवेज समेत दर्जनों युवाओं ने अहम भूमिका निभाई।



