मेरठ

नववर्ष 2026 पर हुड़दंग और अवैध पार्टियों पर सख्ती

मेरठ परिक्षेत्र में हाई अलर्ट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

मेरठ। नववर्ष 2026 के अवसर पर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए मेरठ परिक्षेत्र में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी जनपदों के पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट और कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि नववर्ष के नाम पर किसी भी प्रकार की अराजकता, अवैध पार्टी, शराब का दुरुपयोग या कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
डीआईजी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सभी थानों को नववर्ष 2026 के लिए ड्यूटी चार्ट तैयार करने और पर्याप्त संख्या में नाइट ड्यूटी लगाने के आदेश दिए गए हैं। प्रमुख स्थलों पर राजपत्रित अधिकारियों को स्वयं भ्रमण करने को कहा गया है तथा किसी भी प्रकार की नई परंपरा डालने पर रोक लगाई गई है। बिना लाइसेंस किसी भी प्रकार की पार्टी आयोजित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी, क्योंकि इससे शराब पीकर झगड़े, मारपीट और गोलीबारी जैसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया है कि चौकी स्तर पर किसी भी प्रकार की सांठगांठ कर अवैध पार्टी आयोजित न होने पाए। नियमविरुद्ध अनुमति जारी करने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर ही कार्यक्रमों की प्रकृति और आयोजन स्तर की समीक्षा के बाद अनुमति दी जाएगी। आबकारी विभाग द्वारा जारी शराब लाइसेंसों की अद्यतन सूची सभी थानों को प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। सूची से इतर कहीं भी शराब की अवैध बिक्री, भंडारण या व्यवसायिक वितरण नहीं होने दिया जाएगा। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर 24×7 निगरानी रखने के आदेश दिए गए हैं। अफवाह, भड़काऊ पोस्ट, अवैध पार्टी के प्रचार या लाइव प्रसारण पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को अलग से ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख मार्गों, चौराहों, तिराहों, कटों और पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त यातायात कर्मियों की तैनाती की जाएगी। नववर्ष की रात चेकिंग प्वाइंट्स पर सघन चेकिंग की जाएगी तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी जाएगी। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेटिंग, पैदल गश्त, पीआरवी और क्यूआरटी को पूरी तरह सक्रिय रखा जाएगा। महिला सुरक्षा को लेकर महिला पुलिस बल की तैनाती, पिकेट और पेट्रोलिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा किसी भी संभावित आतंकी या असामाजिक गतिविधि से निपटने के लिए कंटिंजेंसी प्लान तैयार करने को कहा गया है।
नववर्ष कार्यक्रम स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, आपातकालीन निकास, अग्नि सुरक्षा और इलेक्ट्रिकल सेफ्टी मानकों की जांच पहले से सुनिश्चित की जाएगी। होटल, रेस्टोरेंट, क्लब, फार्म हाउस, मैरिज हॉल और पंडालों की अग्रिम चेकिंग कर क्षमता से अधिक भीड़ एकत्र नहीं होने दी जाएगी। ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
डीआईजी ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर की गई लापरवाही क्षम्य नहीं होगी और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button