ललितपुर
जय बुंदेलखंड! हम लड़ेंगे, हम जीतेंगे
यूथ फॉर बुंदेलखंड ने सहस्त्रलिंगेश्वर मंदिर में किया रुद्राभिषेक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पृथक बुंदेलखंड राज्य निर्माण की प्रार्थना
पर्यटन, पुरातत्व और युवाओं के रोजगार के लिए पृथक राज्य जरूरी : पुष्पेन्द्रसिंह चौहान
ललितपुर। यूथ फॉर बुंदेलखंड संगठन के तत्वावधान में चांदपुर जहाजपुर स्थित प्राचीन सहस्त्रलिंगेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर पृथक बुंदेलखंड राज्य निर्माण की प्रार्थना की गई। युवाओं ने संकल्प लिया कि जब तक बुंदेलखंड को उसका हक नहीं मिलता, यह शांतिपूर्ण जनआंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान उपस्थित युवाओं ने स्पष्ट किया कि बुंदेलखंड में पर्यटन, पुरातत्व और सांस्कृतिक धरोहरों की अपार संभावनाएं हैं, परंतु आज भी क्षेत्र बेरोजगारी, पलायन और उपेक्षा का शिकार है। पृथक राज्य ही इसका स्थायी समाधान है।
एड. शंकरलाल कुशवाहा ने कहा कि यह आंदोलन किसी दल विशेष का नहीं, बल्कि यहां के हर युवा, किसान और मजदूर की आत्मा की आवाज है। प्रशासनिक रूप से सक्षम बुंदेलखंड राज्य अब आवश्यकता बन चुका है। एड. पुष्पेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि बुंदेलखंड की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक गरिमा को संरक्षित करने तथा युवाओं के भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए पृथक राज्य निर्माण अनिवार्य है। मुकेश लोधी ने कहा कि आज जब देश के कई छोटे राज्य विकास की मिसाल बन चुके हैं, तब बुंदेलखंड को उसके हिस्से का न्याय न मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। अभिषेक के दौरान भगवान शिव से प्रार्थना की गई कि शासन-प्रशासन को सद्बुद्धि मिले और यह मांग जल्द ही नीति-निर्धारकों तक पहुंचे। इस दौरान एड. शंकरलाल कुशवाहा, एड. बृजेन्द्र सिंह चौहान, सचिन जैन, शेरसिंह यादव, रामबाबू चौबे, गौपुत्र प्रशांत शुक्ला, मनीष दुबे दरौनी, आकाश झा, विकास झा, कमलेश लोधी, आशीष साहू, मुकेश लोधी, धर्मेंद्र लोधी, बलराम कुशवाहा, शिवम विश्वकर्मा आदि। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक स्वर में नारा दिया कि जय बुंदेलखंड! हम लड़ेंगे, हम जीतेंगे!



