बाराबंकी
गुरु गोविंद सिंह प्रकाशोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा
लाजपत नगर में पंच प्यारों की अगुवाई में हुआ आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी। सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के पावन प्रकाशोत्सव से पूर्व शनिवार को लाजपत नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा प्रबंधक कमेटी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पंच प्यारों की अगुवाई में गुरु साहेब की शाही सवारी धूमधाम से निकली। इसमें सिख समुदाय के साथ-साथ सभी धर्मों के लोगों ने हिस्सा लिया।
शोभायात्रा जिस गली और रास्ते से होकर गुजर रही थी, लोग उन रास्तों को साफ कर इसकी सुंदरता बढ़ा रहे थे। शाही सवारी के आगे सिख महिलाएं सेवा स्वरूप झाड़ू लगाते हुए पुष्प वर्षा कर रही थीं। जगह-जगह सभी धर्मों के लोगों ने शाही सवारी का गर्मजोशी से स्वागत किया।
शोभायात्रा में पंजाब से आए वीर खालसा ग्रुप और हलदा पाइप बैंड, दिल्ली से ऑर्केस्ट्रा पार्टी तथा अमृतसर दरबार साहिब से आए पाई परमजीत सिंह नरसिंगा वादक लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। पंजाब के कंवलजीत सिंह का वीर खालसा ग्रुप गतका पार्टी और दिल्ली से हैप्पी रंधावा की पंजाबी ऑर्केस्ट्रा पार्टी के सेवादारों ने कीर्तन जसगायन प्रस्तुत किया।
शोभायात्रा में पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री सतीष शर्मा व
धनोखर पर नगर पालिका चेयरमैन शीला सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र वर्मा, दिनेश वैश्य, प्रदीप जैन और रवीनन खजांची ने पंच प्यारों और शोभायात्रा का स्वागत किया। लुधियाना (पंजाब) से आए कुलदीप सिंह और उनकी टीम ने हलदा पाइप बैंड के साथ मुख्य मार्गों से होते हुए गुरुद्वारा परिसर तक शोभायात्रा का नेतृत्व किया।
शोभायात्रा के उपरांत गुरु का लंगर वितरित किया गया। इस अवसर पर सेवादार सरदार राजदीप सिंह ने उपस्थित सभी संगत का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में प्रधान सरदार भूपेंद्र सिंह, सरदार चरनजीत सिंह, सरदार प्रेमपाल सिंह पल्ले, सरदार हरपाल सिंह, सरदार जसबीर सिंह विक्की सहित कई गणमान्य व्यक्ति और श्रद्धालु मौजूद रहे।



