अमरोहा
अमरोहा में चोर के शक में दो भाइयों को पीटा
आम के बाग में रखवाली कर रहे थे दोनों भाई, दो गाड़ियां तोड़ीं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : बछरायूं थाना क्षेत्र में बीती रात एक खौफनाक घटना सामने आई है। जहां आम के बाग की रखवाली कर रहे दो सगे भाइयों को ग्रामीणों ने चोर समझकर बुरी तरह पीट दिया। यही नहीं, दो गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की गई। दोनों पीड़ित लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाए गए, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
रखवाली कर रहे थे, ग्रामीणों ने समझ लिया चोर
घटना नसीरपुर गांव की है, जहां उमर चौधरी और इस्लाम चौधरी नामक दो भाई अपने आम के बाग की रखवाली कर रहे थे। रात में कुछ ग्रामीणों ने उन्हें देख चोर समझ लिया और बिना पुष्टि किए उन पर हमला बोल दिया।
पीड़ितों का कहना है कि उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया और उनकी दो गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि वाहनों के शीशे टूटे हुए हैं और घायलों की हालत गंभीर है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, कार्रवाई शुरू
सूचना मिलने पर बछरायूं पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना चोर के शक में हुई है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।



