
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी। लोनी दो नंबर बस स्टैंड से नीलम फैक्ट्री के सामने से होते हुए सरकारी चिकित्सालय तक जाने वाला मुख्य मार्ग आज बाधित रहा। जानकारी के अनुसार चिकित्सालय के गेट के पास भारतीय किसान यूनियन (अनाज) के अध्यक्ष सचिन शर्मा द्वारा बुलाई गई किसान सभा के लिए टेंट लगाया गया है, जिसके कारण यह मार्ग अवरुद्ध हो गया है।स्थानीय निवासियों और मरीजों को चिकित्सालय तक पहुँचने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि किसी आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस आती है तो उसे अंदर प्रवेश करने में काफी देर हो सकती है, जिससे गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।इस समस्या को लेकर स्थानीय सेक्युलर इंकलाब पार्टी के प्रमोद गोस्वामी और तेजपाल सिंह ने उपजिलाधिकारी लोनी को लिखित शिकायत व्हाट्सएप पर भेजकर एम्बुलेंस और आपातकालीन वाहनों के लिए मार्ग खुलवाने की मांग की है।गलीवासियों ने प्रशासन से अपील की है कि जनहित में शीघ्र कार्रवाई कर मार्ग को सुचारू रूप से खुलवाया जाए ताकि आमजन और मरीजों को परेशानी का सामना न करना पड़े।


