बेतुल

बैतूल 1000 छात्रों से संवाद कर बताया शासकीय कॉलेज का महत्व

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। शासन के निर्देशानुसार जेएच कॉलेज द्वारा कॉलेज चलो अभियान के प्रथम चरण में अभियान दल द्वारा प्राचार्य डॉ.मीनाक्षी चौबे के मार्गदर्शन में क्षेत्र के 30 शासकीय और अशासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों में पहुंच कर कक्षा 12 वीं के लगभग एक हजार विद्यार्थियों के साथ संवाद किया गया। इसके साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी अभियान का जोर शोर से प्रचार प्रसार किया गया। प्रथम चरण के अंतिम दौर में पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय बैतूल और संजीवनी स्कूल का भ्रमण किया गया। अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के विभिन्न पहलुओं यथा- ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया, विषय चयन, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के विभिन्न पहलुओं, कौशल विकास पाठ्यक्रमों  तथा शासन की विभिन्न छात्र हितकारी योजनाओं दी गई। ज्ञातव्य हो कि जिले के अग्रणी महाविद्यालय जेएच कॉलेज में स्नातक प्रथम वर्ष में कला, वाणिज्य और विज्ञान संकाय में कुल 26 विषयों में अध्यापन सुविधा उपलब्ध है। पारंपरिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए उच्च शिक्षा विभाग के ई-प्रवेश पोर्टल पर पंजीयन प्रक्रिया सम्पन्न होती है। एआईसीटीई द्वारा संचालित पाठ्यक्रमों बीबीए और बीसीए  में प्रवेश के लिए तकनीकी शिक्षा संचालनालय के पोर्टल के माध्यम से प्रवेश पंजीयन प्रक्रिया सम्पन्न होती है। शासन द्वारा पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, प्रतिभा किरण, गांव की बेटी योजना, मुख्यमंत्री संबल योजना, आवास योजना, मुख्यमंत्री मेधावी योजना इत्यादि के माध्यम से प्रतिभावान और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए छात्र हितकारी योजनाएं चलाई जा रही है। इसके अलावा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के उद्देश्यों के अनुरूप शासन द्वारा उत्कृष्ट शिक्षण सुविधाओं के साथ महाविद्यालयों में अधोसंरचनात्मक सुधार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत  अभियान दल द्वारा विद्यार्थियों के साथ प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर अगले चरण में आवश्यक परिवर्तन हेतु फीडबैक भी प्राप्त किया किया गया है। प्राचार्य डॉ.मीनाक्षी चौबे ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से अनुरोध किया कि वे प्रवेश पूर्व विद्यार्थियों को परिसर विजिट जरूर कराएं और महाविद्यालय में स्थापित हेल्प सेंटर के माध्यम से आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त करें। अभियान को सफल बनाने में संयोजक प्रो.राकेश कुमार पवार और उनके दल सदस्यों प्रो.दुर्गेश राने, प्रो.मनेश मानेकर, प्रो.संतोष पवार, डॉ.महेंद्र नावंगे, डॉ.शारदा द्विवेदी, प्रो.हितेश जैन, प्रो.राज वाघमारे, डॉ.कंचन गुजरे, डॉ.निहारिका भावसर, कीर्ति वराठे का सराहनीय योगदान रहा है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button