ललितपुर
मकर संक्रान्ति पर श्रीसर्वेश्वर व मां अन्नपूर्णा धाम में होगा भव्य खिचड़ी प्रसाद वितरण
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। मकर संक्रान्ति के पावन अवसर पर धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का अनुपम दृश्य एक बार फिर देखने को मिलेगा। श्रीसर्वेश्वर धाम बांध कॉलोनी में 15 व 16 जनवरी को मां अन्नपूर्णा धाम, गनगौरा राजघाट रोड पर प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य खिचड़ी प्रसाद का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। जगत गुरु स्वामी डा.कृष्णागिरी महाराजजी एवं गिरीश बाबाजी महाराज महामंडलेश्वर ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि मकर संक्रान्ति भारतीय संस्कृति का एक महत्वपूर्ण पर्व है, जो सूर्य के उत्तरायण होने का प्रतीक है। इस दिन दान, पुण्य और सेवा का विशेष महत्व माना गया है। इसी भावना के साथ दोनों धामों में खिचड़ी प्रसाद का विशाल आयोजन किया जा रहा है, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है। आयोजकों के अनुसार खिचड़ी प्रसाद का वितरण सुबह से ही प्रारंभ हो जाएगा। श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण करेंगे। आयोजन स्थल पर स्वच्छता, सुरक्षा और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो। स्वयंसेवकों की टीम व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करेगी। स्वामी डा. कृष्णागिरी महाराजजी ने बताया कि खिचड़ी प्रसाद केवल भोजन नहीं, बल्कि समरसता और सेवा का प्रतीक है। इसमें जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर सभी लोग एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करते हैं, जिससे सामाजिक एकता का संदेश मिलता है। वहीं गिरीश बाबाजी महाराज महामंडलेश्वर ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से जोडऩे का कार्य करते हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए क्षेत्र के अनेक श्रद्धालु, समाजसेवी और भक्तगण सहयोग कर रहे हैं। धाम परिसर को भव्य रूप से सजाया जाएगा तथा भजन-कीर्तन और धार्मिक वातावरण से पूरा क्षेत्र भक्तिमय रहेगा। आयोजकों ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। मकर संक्रान्ति के इस पावन पर्व पर आयोजित खिचड़ी प्रसाद निश्चित ही श्रद्धा, सेवा और सौहार्द का सजीव उदाहरण बनेगा।



