प्रोजेक्ट आहार के तहत जिले में मनाया गया आहार दिवस
Aahar Diwas was celebrated in the district under Project Aahar.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले में आहार दिवस का सफल आयोजन हुआ। उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने पाकुड़ प्रखंड स्थित ईशाकपुर पंचायत के फतेहपुर एवं रहसपुर में पीडीएस दुकानों का निरीक्षण किया। साथ ही वरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और आपूर्ति विभाग के अधिकारी भी निरीक्षण में शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि लाभुकों को सही मात्रा में अनाज दिया जा रहा है। उपायुक्त मनीष कुमार* ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी लाभुक को राशन या अन्य योजनाओं से वंचित न रखा जाए और पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। राशन वितरण, धोती–साड़ी योजना का लाभ, राशन कार्ड सुधार और ई-केवाईसी की समीक्षा भी की गई। उपायुक्त ने बताया कि जिले में प्रत्येक माह की 6 तारीख को आहार दिवस मनाया जाएगा। जिन लाभुकों को धोती–साड़ी योजना का लाभ नहीं मिला था, उन्हें आज लाभान्वित किया गया। साथ ही आज से ई-केवाईसी सप्ताह भी शुरू हुआ, जो 12 अक्टूबर तक चलेगा। जिन लाभुकों ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराया है, वे अपने निकटवर्ती पीडीएस दुकानों या स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से इसे पूर्ण कर सकते हैं।उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आहार दिवस का आयोजन प्रभावी ढंग से संपन्न कराएं और सभी शिकायतों का स्थल पर ही समाधान सुनिश्चित करे। मौके पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सुमित मिश्रा उपस्थित थे।



