ललितपुर
छह माह से वेतन न मिलने पर आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने उठाई आवाज
जिलाधिकारी के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। कलेक्ट्रेट कार्यालय सहित विभिन्न शासकीय विभागों में कार्यरत आउटसोर्र्सिंग कर्मचारियों ने पिछले छह माह से वेतन न मिलने के विरोध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र भुगतान की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि लगातार वेतन न मिलने से उनके समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है और परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित हुए कर्मचारियों ने जिलाधिकारी को संबोधित प्रार्थना पत्र में बताया कि वह विभिन्न विभागों में नियमित रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन जनवरी 2026 से जून 2026 तक का वेतन अब तक नहीं मिला है। इससे कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने कहा कि वेतन न मिलने के कारण दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति, बच्चों की शिक्षा, चिकित्सा तथा अन्य घरेलू खर्चों का संचालन प्रभावित हो रहा है। आर्थिक तंगी के बावजूद सभी कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कर रहे हैं, लेकिन लंबे समय से भुगतान लंबित रहने के कारण उनमें असंतोष बढ़ता जा रहा है। ज्ञापन में कर्मचारियों ने प्रशासन से आह्वान किया कि उनके बकाया वेतन का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, जिससे उन्हें आर्थिक राहत मिल सके। इस दौरान राजकुमार, देवी सिंह, बब्लेश, सुरेन्द्र, वीरू अहिरवार, पवन लाल, संजय सहित विभिन्न विभागों के अन्य आउटसोर्सिंग कर्मचारी शामिल रहे।



