रामनवमी भगवान श्री राम जी के पूजा का पर्व है और राम मर्यादा पुरुषोत्तम है आप सभी मर्यादा के साथ पर्व मनाए उपायुक्त बोकारो।

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
बोकारो । कसमार प्रखंड में रामनवमी के त्योहार की तैयारी का जायजा लेने गुरुवार को बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा, बेरमो एसडीओ मुकेश मछुआ, बेरमो एसडीओपी वशिष्ठ नारायण सिंह व जरीडीह सर्किल इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार सिंह कसमार पहुंचे। इस दौरान कसमार सीओ नरेंद्र कुमार सिंह, बीडीओ नम्रता जोशी व थाना प्रभारी कुंदन कुमार भी मुख्य रूप से उपस्थित थे। डीसी समेत अन्य अधिकारियों ने कसमार स्कूल चौक स्थित बजरंगबली मंदिर परिसर में ग्रामीणों से बातचीत कर रामनवमी का त्योहार शांति व सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि रामनवमी के पर्व आदर्शों और धार्मिक आस्था का प्रतीक है, इसलिए इसे गरिमा के साथ मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान खुशियों और सकारात्मक माहौल को प्राथमिकता दें। किसी भी प्रकार के उन्माद एवं अतिरेक में भड़काऊ भाषणों और अश्लील गानों से परहेज किया जाए, ताकि सामाजिक सौहार्द बना रहे। उन्होंने कहा कि जुलूस और शोभायात्राओं में महिलाओं और बच्चों की भागीदारी को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जाए। आयोजन कमेटी अपने निर्धारित रूट का सख्ती से अनुपालन करें। कहा कि आयोजन के दौरान प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहेंगे और वह आपके सहयोग के लिए हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन की पैनी नजर सोशल मीडिया पर है। आमजन किसी भी तरह की भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री के पोस्ट या प्रसार से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। मौके पर यदुनंदन जायसवाल, सूरज प्रकाश जायसवाल, सूरज साव, परमेश्वर नायक, रमेश महाराज, रतन चौबे, मनेश्वर प्रजापति, सुनील जायसवाल, रामलाल ठाकुर, विष्णु जायसवाल, मृत्युंजय जायसवाल, उमेश कपरदार, गोलक नाथ ठाकुर, अप्पू प्रजापति, आदर्श ठाकुर, उमाशंकर प्रजापति, गणेश करमाली ,पंकज जयसवाल, निरंजन प्रजापति, सागर महतो, धीरेंद्र महतो, देवनाथ गोसाई, दिगंबर प्रजापति एवं अन्य ग्रामीण मौजूद थे। इस दौरान अधिकारियों ने मोचरो, गर्री, तेलमुंगा, मंजुरा व अन्य गांव का दौरा कर पूजा कमिटियों से बातचीत कर शांति व सौहार्द के साथ रामनवमी का त्योहार मनाने की अपील की।


