गाजियाबाद
भारतीय जनता मजदूर संघ में डॉ. आदेश कुमार पंडित को मिली राष्ट्रीय जिम्मेदारी
राष्ट्रीय स्वास्थ्य एवं आयुष कार्यकर्ता कल्याण बोर्ड के राष्ट्रीय निदेशक नियुक्त

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद। भारतीय जनता मजदूर संघ (बीजेपीएमएस) ने संगठनात्मक विस्तार और श्रमिक कल्याण के संकल्प को और सशक्त करते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शांत प्रकाश जाटव ने डॉ. आदेश कुमार पंडित को बीजेएमएस राष्ट्रीय स्वास्थ्य एवं आयुष कार्यकर्ता कल्याण बोर्ड का राष्ट्रीय निदेशक नियुक्त किए जाने का नियुक्ति पत्र जारी किया है।
संघ द्वारा जारी पत्र में बताया गया कि भारतीय जनता मजदूर संघ एक राष्ट्रीय श्रमिक संगठन है, जो देशभर में श्रमिकों, कर्मचारियों एवं अधिकारियों के कल्याण, गरिमा और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्यरत है। नवनियुक्त राष्ट्रीय निदेशक से अपेक्षा की गई है कि वे श्रमिकों के हित में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, आयुष पद्धतियों के प्रचार-प्रसार, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती प्रदान करेंगे।
पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह नियुक्ति पूर्णतः सामाजिक एवं संगठनात्मक सेवा के उद्देश्य से की गई है तथा इसका किसी भी प्रकार से सरकारी, संवैधानिक या न्यायिक पद से कोई संबंध नहीं है। संगठन ने दोहराया कि भारतीय जनता मजदूर संघ एक स्वतंत्र श्रमिक संगठन है और इसका भारत सरकार या किसी मंत्रालय से कोई प्रत्यक्ष प्रशासनिक संबंध नहीं है।
संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष की स्वीकृति से यह नियुक्ति की गई है। संगठन के महासचिव एडवोकेट रक्षपाल सिंह द्वारा जारी पत्र में डॉ. आदेश कुमार पंडित को उनके नए दायित्व के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी गई हैं और विश्वास व्यक्त किया गया है कि वे अपने अनुभव, निष्ठा और समर्पण से श्रमिकों एवं समाज के हित में प्रभावी योगदान देंगे।
डॉ. आदेश कुमार पंडित की इस नियुक्ति से संगठन के स्वास्थ्य एवं आयुष से जुड़े कार्यों को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

