गोड्डा

आईए देखते है नगरपालिका क्षेत्र गोड्डा में है क्या स्थिति

शिवाजी व तिलक नगर स्थित नहर की सफाई ना होने से वार्डवासी रहते हैं परेशान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
 गोड्डा। नगरपालिका आम चुनाव का माहौल है। शहर की सरकार को बनाने की कवायद चल रही है। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि गोड्डा नगर परिषद क्षेत्र का क्या हाल है। तो आईए देखते है कि नगरपालिका क्षेत्र के क्या स्थिति है। उल्लेखनीय है कि नगर परिषद के वार्ड नंबर 21 के कर्पूरी नगर, शिवाजी नगर, तिलक नगर व गुरुनगर की स्थिति बेहतर नहीं है। वार्ड संख्या 21 को जिला प्रशासन द्वारा अन्य वर्ग के लिए अनारक्षित (अन्य) श्रेणी में आरक्षित किया गया है। इस वार्ड में कई बुनियादी सुविधाओं की कमी आज भी देखने को मिल रही है। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि वार्ड में स्वच्छता व्यवस्था के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। लंबे समय से नहर की सफाई नहीं होने के कारण शिवाजी नगर व तिलक नगर के लोग बदबू एंव गंदगी के बीच रहने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद प्रशासन को कई बार सूचना देने के बावजूद स्थिति जस की तस है। नहर में जमा कूड़ा-कचरा पानी को पूरी तरह सड़ाकर दुर्गंध पैदा कर रहा है। जिससे घरों में रहना मुश्किल हो गया है। नहर के समीप रिहायशी इलाके, सेंट्रल स्कूल, अग्निशमन केंद्र, नगर भवन, उत्क्रमित उच्च विद्यालय, सेल टैक्स कार्यालय सहित कई निजी स्कूल मौजूद हैं, जो इस समस्या से प्रभावित हैं।
मुख्य समस्याएं : कई वर्षों से नहर की सफाई नहीं होने से लोग गंदगी और बदबू के बीच रहने को मजबूर हैं। कई स्थानों पर नालियों के अभाव में पानी सड़क पर बहता है, जिससे गंदगी फैलती है। शिवाजी नगर के सूरज मंडल गली की सड़क कच्ची है। वहीं, तिलक नगर टोला जाने वाली सड़क वर्षों से जर्जर स्थिति में है, जिससे आवागमन में गंभीर परेशानी होती है। कर्पूरी नगर में गंदे पानी की निकासी के अभाव में पानी किसानों के खेतों में जमा हो जाता है, जिससे फसलें बर्बाद हो रही हैं। इस स्थिति को लेकर किसानों में आक्रोश व्याप्त है।
मोहल्ले में कई जगहों पर बिजली के तार जर्जर हो चुके हैं। साथ ही स्ट्रीट लाइट का भी अभाव है, जिससे तिलक नगर क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बना रहता है।
बोले वार्डवासी :
प्रभात कुमार ने कहा कि कर्पूरी नगर में गंदे पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। किसानों द्वारा पानी रोकने के कारण कई लोगों के घरों के सामने सड़क पर पानी जमा हो रहा है। वहीं, आमोद कुमार ने कहा कि मोहल्लेवासियों द्वारा नहर में कचरा फेंका जाता है। इसके अलावा घरों से निकलने वाला पानी भी नहर में गिराया जा रहा है। नहर की सफाई के लिए सिंचाई विभाग और नगर प्रशासन को पहल करनी चाहिए। वहीं, शंकर प्रसाद ने कहा कि शिवाजी नगर के सूरज मंडल गली में अविलंब पीसीसी सड़क और नाला का निर्माण होना चाहिए, ताकि बरसात के समय भी लोग अपने घर आसानी से पहुंच सकें। नाला नहीं रहने से परेशानी होती है। वहीं, शिवशंकर यादव ने कहा कि तिलक नगर में पक्की सड़कों का अभाव है। बरसात के दिनों में सड़कों पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न होती है। साथ ही नहर की दुर्गंध से लोग परेशान हैं और क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button